मध्य प्रदेश में ठंड का कहर, शीतलहर के चलते कई जिलों में स्कूल बंद करने का निर्देश

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिसके कारण आम जन जीवन प्रभावित हो रहा है। नए साल की शुरुआत से ही प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है।

Updated: Jan 04, 2023, 04:20 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में नया साल ठंड लेकर आया। पिछले तीन दिन से मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को राजधानी भोपाल में रिकॉर्ड ठंड रही। दिन का पारा सबसे ज्यादा 7 डिग्री सेल्सियस लुढ़क कर 17.3 डिग्री पर आ गया। ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को बच्चों के स्कूल का टाइम बदलने और 5 डिग्री से कम तापमान होने की स्थिति में अनिवार्य रूप से स्कूल बंद करने का निर्देश दिया है।

श्योपुर जिले में बढ़ते सर्दी के सितम को देखते हुए स्कूल में 4 दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। लेकिन शिक्षकों को नियमित रूप से स्कूल आना होगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने अवकाश को लेकर आदेश जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि शीतलहर के चलते श्योपुर में 4 जनवरी से 7 जनवरी तक सभी शासकीय व अशासकीय का स्कूलों का अवकाश घोषित किया गया। कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों की 4 दिन का अवकाश रहेगा।

यह भी पढ़ें: MP में बीजेपी नेता की दरिंदगी, 12 साल की बच्ची को बनाया अपनी हवस का शिकार

ग्वालियर जिले में भी शीत लहर के चलते प्राइमरी स्कूलों की 7 जनवरी तक छुट्टी रहेगी। निजी स्कूल भी बंद रहेंगे। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। वहीं मिडिल और हायर सेकेंडरी स्कूल 9:30 बजे के बाद खुलेंगे। कोचिंग और ट्यूशन भी 9:30 बजे के बाद ही संचालित होंगे। सागर जिले में भी कक्षा पांचवीं तक के स्कूल को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है, जबकि उसके आगे के क्लास सुबह साढ़े 9 बजे से लगेंगे। दर्जनों अन्य जिलों में भी इस तरह के आदेश जारी किए गए हैं।

बता दें कि प्रदेश भर में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। दिन का पारा भी 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिनों तक इसी तरह दिन में ठंड रहेगी। दिन में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। प्रदेश भर में सुबह और शाम को कोहरा रहेगा। ग्वालियर में दिल्ली की तरह रात की सर्दी रहेगी। यहां बुधवार रात न्यूनतम तापमान दिल्ली के बराबर 6 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।