मेडिकल ग्राउंड पर जमानत लेकर कबड्डी खेल रहीं प्रज्ञा ठाकुर, कांग्रेस ने की जेल भेजने की अपील

मालेगांव बम ब्लास्ट की मुख्य आरोपी है प्रज्ञा ठाकुर,  व्हीलचेयर पर घूमने वाली प्रज्ञा कबड्डी खेलते और गरबा नाच करते दिखीं, कांग्रेस बोली- न्यायालय को संज्ञान लेकर जेल भेजनी चाहिए

Updated: Oct 16, 2021, 09:49 AM IST

Photo Courtesy: News18
Photo Courtesy: News18

भोपाल। बड़बोलेपन के लिए चर्चित भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर एक बार फिर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनीं हुई हैं। प्रज्ञा ठाकुर इसबार अपने बिगड़े बोल से ज्यादा कबड्डी खेलने को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। कांग्रेस ने न्यायालय से अपील की है कि मालेगांव आतंकी हमले की आरोपी प्रज्ञा ठाकुर की बेल रिजेक्ट कर उसे तत्काल जेल भेजा जाए।

पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा, 'प्रज्ञा ठाकुर मालेगांव बम ब्लास्ट की आरोपी है। उसने अदालत में बीमारी का हवाला देकर जमानत ली है। लेकिन यहां वह कभी कबड्डी तो कभी गरबा खेल रही है। कोर्ट को इसपर संज्ञान लेते हुए प्रज्ञा की जमानत कैंसिल करना चाहिए और उसे तत्काल जेल भेजना चाहिए।'

यह भी पढ़ें: जब धरती पर अधर्म और पाप बढ़ते हैं तो संतो को आगे आना पड़ता है, BJP पापी है: कंप्यूटर बाबा

पीसी शर्मा ने प्रज्ञा के उलजुलूल बयानों पर भी पलटवार किया है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि, 'उसने मां नर्मदा को लेकर अनर्गल टिप्पणी की है। इसने नर्मदा वासियों को पापी कहा है। इसने धार्मिक मंच का दुरुपयोग अपनी घटिया राजनीती के लिए किया। ये वही सांसद है जो कोरोना संकट में कहीं दिखाई नहीं दी। जब जनता को सबसे ज्यादा जरूरत थी। इसलिए लोगों ने गुमशुदगी के पोस्टर्स लगा दिए।'

दरअसल, बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर शुक्रवार को दशहरे के एक कार्यक्रम में शामिल हुईं थीं। यहां कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा भी मौजूद थे। पीसी शर्मा को सामने देख वह मंच से कांग्रेस पार्टी और नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी करने लगीं। इस दौरान पीसी शर्मा ने कहा प्रज्ञा के मुंह लगने से अच्छा है कि मैं यहां से चला जाऊं। इसके बाद पीसी शर्मा वहां से जाने लगे। इस दौरान बीजेपी के अन्य नेता शर्मा को मनाते हुए दिखे। हालांकि, काफी कोशिशें के बावजूद शर्मा बीच कार्यक्रम से चले गए।