जबलपुर में लगा कांग्रेस दिग्गजों का जमावड़ा, जय हिंद सभा में शामिल होने पहुंचे दिग्विजय सिंह और भूपेश बघेल
जबलपुर में कांग्रेस की जय हिंद सभा आज, पार्टी के तीन पूर्व मुख्यमंत्री होंगे शामिल, दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और भूपेश बघेल पहुंचे जबलपुर

जबलपुर। मध्य प्रदेश आज दो बड़े राजनीतिक आयोजनों का गवाह बन रहा है। एक ओर राजधानी भोपाल में पीएम मोदी महिला सम्मेलन कर रहे हैं। वहीं, जबलपुर में कांग्रेस ने भव्य जय हिंद सभा की आयोजन की है। जिसमें पार्टी केंद्र सरकार की सैन्य नीतियों और पाकिस्तान के मुद्दे को लेकर सवाल उठाएगी।
गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में कांग्रेस के तीन पूर्व मुख्यमंत्री- दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और भूपेश बघेल शामिल होंगे। तीनों दिग्गज जबलपुर पहुंच चुके हैं। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की भी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ छावनी स्थित शौर्य स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया जाएगा। इससे पहले जानकारी दी गई थी कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। लेकिन उनका दौरा अंतिम समय पर रद्द हो गया।
जय हिंद सभा में ऑपरेशन सिंदूर में शामिल रहे सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। कांग्रेस नेता इस मंच से केंद्र की रक्षा नीतियों, विदेश नीति और पाकिस्तान को लेकर कथित असफलताओं को उजागर करने की रणनीति अपनाएंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह सभा जन-जागरण और देशभक्ति के संदेश को लेकर आयोजित की जा रही है। यह कार्यक्रम केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दों पर जन-जागरूकता का प्रयास है।