जबलपुर महापौर का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया तर्पण, गौरी घाट में फोटो लगाकर दी श्रद्धांजलि

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के बीजेपी में शामिल होने के पर फूटा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा, जीते जी नर्मदा नदी में किया तर्पण, कहा- हमारे लिए वे मर चुके

Updated: Feb 08, 2024, 05:22 PM IST

जबलपुर। लोकसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश में दलबदल का दौर जारी है। इसी क्रम में जबलपुर नगर निगम के कांग्रेस महापौर जगत बहादुर अन्नू भाजपा में शामिल हो गए। अन्नू के बीजेपी में शामिल होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नर्मदा नदी में उनका तर्पण किया।

गुरुवार दोपहर सेवादल और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप प्रदर्शन करते हुए जगत बहादुर अन्नू की तस्वीर का नर्मदा नदी में जाकर तर्पण कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जगत बहादुर के मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। साथ ही उनकी फोटो पर जूते भी बरसाए। उन्होंने महापौर अन्नू को सामूहिक श्रद्धांजलि भी दी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस कांग्रेस ने उसे पार्षद बनाया, महापौर बनाया आज उसी कांग्रेस को छोड़कर उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। जबकि पार्टी के बुरे समय में उन्हें साथ देना था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि आने वाले समय में जगत बहादुर के खिलाफ सभी कांग्रेस के पार्षद मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे।

सेवादल के जिला अध्यक्ष सतीश तिवारी ने कहा कि गुरुवार की दोपहर मां नर्मदा के गौैरीघाट तट पहुंचे, और विधि विधान से जगत बहादुर अन्नू का तर्पण कर दिया। तिवारी का कहना है कि कल तक जिस महापौर का हम अपना मानते थे, आज उसने अपनी मां जैसी पार्टी को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली है, इससे दुख की बात और क्या हो सकती है। हम कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए आज से जगत बहादुर मर गया है, इसलिए हम लोगों ने उसका तर्पण कर दिया है।

नर्मदा नदी पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जगत बहादुर का जीते जी तर्पण करने के बाद उनके खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। सेवादल के जिला अध्यक्ष सतीश तिवारी का कहना है कि भाजपाई लोग जो कह रहे है कि कांग्रेस खत्म हो रही है, हम बताना चाहते है कि कांग्रेस बड़ी पार्टी है, और अन्नू जैसे लोग बहुत छोटे कार्यकर्ता है, ऐसे लोगों के आने-जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता है। अब नई टीम मध्य प्रदेश और जबलपुर में बनकर भाजपा के हर काम का मुंह तोड़ जवाब देगी।