धार: खदान के गड्ढे में नहाने के दौरान 2 ब्च्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

मुरम के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी भर गया है। बच्चे ऐसे ही एक गड्ढे में नहा रहे थे। इसी बीच वे दलदल वाली जगह पहुंच गए जिससे दोनों बच्चे पानी में डूब गए।

Publish: Sep 21, 2023, 10:29 AM IST

धार। मध्य प्रदेश के धार में दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां दो बच्चे मुरम के लिए खोदे गए गड्ढे में डूब गए। यह गड्ढे मुरम के लिए खोदे गए थे जिसमें बारिश का पानी जमा हो गया। जिसमें नहाने गए 2 बच्चों को डूबने से मौत हो गयी। बच्चों की मौत की खबर पूरे गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार धार की पीथमपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव बाछनपुर के दो बच्चे बुधवार को गांव की खदान वाली जगह पर बने एक गड्ढे में नहा रहे थे। इसी दौरान बच्चे दलदल वाली जगह पहुंच गए। दोनों का पैर दलदल में फंस गए और वे डूबने लगे। दोनों की डूबने से मौत हो गयी। इसके बाद आस पास के लोगों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव को पानी से बाहर निकला। बच्चों के शव देखकर स्वजन बेहोश हो गए। और पुलिस को सूचना दी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पीथमपुर तहसीलदार जयेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे गांव के दो बच्चे 14 वर्षीय आयुष पुत्र गोपाल एवं 15 वर्षीय यशवंत पुत्र जितेंद्र पोखर में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए। इस पर मिट्टी में फंसने से दोनों अंदर ही रह गए। डूबने से दोनों की मौत हो गई।

सूचना मिलने पर एसडीएम शाश्वत शर्मा ने भी मौके पर पहुंचे उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों के डूबने की खबर लगते ही प्रशासनिक अमला मौके पर भेजा गया था। दोनों बच्चों के स्वजन को चार-चार लाख की सहायता राशि के प्रकरण बनाकर भेजे गए हैं। जल्द ही सहायता राशि दिलवाई जाएगी।