महाराष्ट्र में सेना की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में धमाका, आठ की मौत, 12 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
धमाके से फैक्ट्री की छत गिर गई है, जिसे JCB की मदद से हटाया जा रहा है। इसके नीचे 12 लोगों के दबे होने की आशंका है।

भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा में सेना की ऑर्डनेंस फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। ब्लास्ट के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आर्डिनेंस फैक्ट्री में ब्लास्ट की आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। आसमान में उठता धुआं भी कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया।
यह भी पढे़ं: ट्रेन में आग की अफवाह सुन कूदे यात्री, दूसरे ट्रैक पर आ रही ट्रेन ने कुचला, 11 की मौत और 40 घायल
भंडारा के कलेक्टर संजय कोलते ने बताया कि धमाके से फैक्ट्री की छत गिर गई है, जिसे JCB की मदद से हटाया जा रहा है। इसके नीचे 12 लोगों के दबे होने की आशंका है। 2 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, रेस्क्यू के लिए फैक्ट्री में एंबुलेंस और दमकल की गाड़ी पहुंच गई है।
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने इस हादसे पर दुख जताया है। पटोले ने यह भी कहा कि ये हादसा मोदी सरकार की विफलता है। बता दें कि जवाहरनगर स्थित ऑर्डनेंस फैक्ट्री की RKR की ब्रांच सेक्शन में यह ब्लास्ट हुआ है। यहां RDX बनाने के लिए किया जाता है। इसी में यह विस्फोट हुआ। जिस इमारत में विस्फोट हुआ, वह पूरी तरह नष्ट हो गई है।