होली मनाओ और दो पैग ज्यादा पियो, होली मिलन समारोह में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का विवादित बयान
कांग्रेस नेता हेमंत कटारे ने भूपेंद्र सिंह के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री शराबबंदी की बातें कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ भाजपा नेता 2 पैग ज़्यादा मारने की सलाह दे रहे हैं। ग़ज़ब का दोहरा-चरित्र है।

सागर। मध्य प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठतम विधायक भूपेंद्र सिंह मंत्री पद छिन जाने के बाद से लगातार सुर्खियों में हैं। सिंह इन दिनों सिर्फ अपने बयान से अपनी ही सरकार को निशाने पर लेते हैं बल्कि विपक्ष को बैठे-बिठाए मुद्दे भी दे रहे हैं। इसी बीच उनका एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह लोगों को होली पर दो पैग एक्स्ट्रा पीने के लिए प्रोत्साहित करते नजर आ रहे हैं।
भूपेंद्र सिंह का यह वीडियो रविवार को खुरई में आयोजित होली मिलन समारोह का बताया जा रहा है। वीडियो में भूपेंद्र सिंह कह रहे हैं कि जनता ने विकास पर विश्वास किया है और उन्हें हर चुनाव ज्यादा वोटों से जिताया है। वह दावा करते हुए कहते हैं कि अगला चुनाव वे 1 लाख वोटों से जीतेंगे, जिनको लिखना है लिख लो। वह आगे कहते हैं कि बहुत से कैमरे चल रहे होंगे, बहुत से लोगों की धड़कनें ऊपर-नीचे हो रही होंगी। इसलिए भैया आज होली मनाओ और दो पैग ज्यादा पीयो, अबकी बार एक लाख पार।
यह भी पढ़ें: संबल योजना से लेकर अंत्येष्टि सहायता राशि तक में भारी भ्रष्टाचार, CAG की रिपोर्ट पर घिरी मोहन सरकार
भूपेंद्र सिंह का यह वीडियो सामने आते ही कांग्रेस के उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटार ने तंज कसा है। कटारे ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'एक तरफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शराबबंदी की बातें कर रहे हैं। तो दूसरी तरफ भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह 2 पैग ज्यादा मारने की सलाह दे रहे हैं। गजब का दोहरा-चरित्र है। अपने अवैध शराब के कारोबार को बढ़ाने का इससे शानदार तरीका और क्या होगा? भूपेंद्र सिंह जी, डिप्रेशन का इलाज दवा से होता है, दारू से नहीं।'
बता दें कि भूपेंद्र सिंह इन दिनों परिवहन घोटाले को लेकर भी विपक्ष के निशाने पर हैं। परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा की नियुक्ति के लिए नोटशीट लिखने को लेकर तत्कालीन परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने विधानसभा में ये माना कि सौरभ शर्मा की नियुक्ति गलत हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि नियम के अनुसार सौरभ शर्मा की नियुक्ति हो ही नहीं सकती थी। हालांकि, इस दौरान सिंह ही परिवहन मंत्री थे। ऐसे में विपक्ष उन्हें मास्टर माइंड करार दे रहा है। जबकि उनका कहना है कि सीधे तौर पर इस घोटाले में उनकी कोई संलिप्तता नहीं है।