रतलाम में पोल्ट्री फार्म में चल रही थी ड्रग फैक्ट्री, 100 किलो केमिकल बरामद

रतलाम में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोल्ट्री फार्म में चल रही अवैध MD ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। आधी रात को मारे गए छापे में 3 आरोपी रंगेहाथों गिरफ्तार हुए हैं।

Publish: Mar 31, 2026, 02:32 PM IST

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक खाली पड़े पोल्ट्री फार्म में चल रही अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा और मौके से तीन से अधिक आरोपियों को ड्रग बनाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, यह अवैध फैक्ट्री खेत के बीच बने एक सुनसान पोल्ट्री फार्म में चलाई जा रही थी। वहां गुप्त तरीके से एमडी ड्रग तैयार की जा रही थी। कार्रवाई पिपलौदा थाना पुलिस, साइबर सेल जावरा और एसडीओपी संदीप मालवीय व थाना प्रभारी रमेश कोली के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा की गई।

यह भी पढ़ें:बिहार के नालंदा में शीतला अष्टमी मेले में मची भगदड़, 8 लोगों की दर्दनाक मौत और कई घायल

जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान पुलिस को करीब 600 ग्राम एमडी ड्रग और 100 किलो से ज्यादा संदिग्ध केमिकल बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि इन केमिकल्स का इस्तेमाल ड्रग निर्माण में किया जा रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक जब्त सामग्री और आरोपियों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि दोपहर 3 बजे पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले बीते 16 जनवरी को जावरा के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के चिकलाना गांव में भी पुलिस ने एमडी ड्रग बनाने वाली अवैध फैक्ट्री पकड़ी थी। उस समय रात करीब 1 बजे मस्जिद के पीछे स्थित एक मकान पर छापा मारकर करीब 10 किलो एमडी ड्रग, भारी मात्रा में केमिकल, उपकरण, 12 बोर की बंदूक, 91 जिंदा कारतूस, दो मोर और चंदन की लकड़ियां बरामद की गई थी। यह मकान दिलावर खान पठान का बताया गया था जहां करीब एक साल से अवैध गतिविधियां चल रही थी।

यह भी पढ़ें:दतिया में BJP पार्षद की दिनदहाड़े हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र में सक्रिय ड्रग नेटवर्क की गंभीरता उजागर हो रही है। पुलिस ने बोरखेड़ा मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।