राहुल गांधी की सजा पर रोक, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में जमकर हुई आतिशबाजी

राहुल गांधी की सजा पर रोक लगने के बाद भोपाल में पीसीसी के बाहर और रोशनुपार चौराहे पर कांग्रेस नेताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।

Updated: Aug 04, 2023, 07:43 PM IST

भोपाल। सर्वोच्च अदालत ने मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी की सजा पर रोक लगा दी है। न्यायालय का फैसला आने के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता जश्न में डूब गए। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी कांग्रेस कार्यकर्ता जश्न मनाते दिखे। भोपाल में पीसीसी के बाहर और रोशनुपार चौराहे पर कांग्रेस नेताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।

भोपाल में राहुल गांधी की सजा पर रोक की खबर जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लगी वे पीसीसी पर जमा हो गए। इसके बाद जमकर आतिशबाजी की गई। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले, भूपेन्द्र गुप्ता सहित तमाम कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, रोशनपुरा चौराहे पर कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी। ढोल-नगाड़े बजाते हुए फैसले पर खुशी जताई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर डांस भी किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर राहुल गांधी को बधाई दी। कमलनाथ ने कहा कि न्यायालय के इस फैसले से न्यायपालिका के प्रति देश की जनता का सम्मान और भरोसा दोनों बढ़ेंगे। पूरा भरोसा है कि अंतिम फैसला भी राहुल गांधी के पक्ष में आएगा। वहीं, दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सदैव उज्ज्वल रहे।

भोपाल की मध्य सीट से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद भी कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाते दिखे। आरिफ मसूद ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट ने न्याय की रक्षा की है। सजा पर रोक लगाकर अच्छा संदेश दिया है। राहुल गांधी से नियम के विपरीत बंगला खाली कराया गया। इस तरह के मामले में अपील करने का समय दिया जाता है। राहुल गांधी से अमित शाह मोदी जी को इतना भय क्यों है? क्यों चाहते हैं कि उनकी आवाज सदन में न गूंजे। राहुल गांधी ने देश के लिए बड़ा काम किया है। राहुल गांधी अब वह नेता हो गया है जो चुनाव से ही बहुत आगे हो गया है। जनता के एक एक व्यक्ति के दिल और दिमाग में आज की तारीख में राहुल गांधी का जुनून है।'