दो दर्जन नकाबपोशों ने की मुस्लिम बस्ती में फायरिंग, औरतों और बच्चों में मची चीख की पुकार

मुरैना के इस्लामपुरा बस्ती में शुक्रवार रात हामलवारों ने फायरिंग कर दी, बचाव में महिलाओं को छत से चलाने पड़े पत्थर

Publish: Feb 11, 2023, 05:47 AM IST

मुरैना। मुरैना के इस्लामपुरा में दहशत का माहौल व्याप्त है। शुक्रवार रात को मुस्लिम बस्ती में अचानक दो दर्जन नकाबपोश दाखिल हो गए। नकाबपोश हमलावरों ने बस्ती में अंधाधुन फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद बस्ती में चीख पुकार मच गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची उससे पहले हमलावर फरार हो गए। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार रात करीब आठ बजे लगभग 20-25 हमलावर अचानक बस्ती में आ धमके। हमलावर अपने साथ हथियार लिए हुए थे। बस्ती में दाखिल होते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। 

गोलियों की आवाज़ सुन बस्ती के बच्चों और महिलाओं के बीच चीख पुकार मच गई। बस्ती के तमाम लोग दहशत में आ गए। हमलावरों ने पत्थरबाजी कर मोहल्ले के स्ट्रीट लाइट तोड़ दिए, जिससे पूरी बस्ती में अंधेरा छा गया। हालांकि महिलाओं ने छत पर जाकर हमलावरों पर पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इसके बाद दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। 

इसी बीच जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने हमलवारों को तलाश करने के लिए घरों में भी निरीक्षण किया लेकिन कोई भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलवारों पर दबिश देने का प्रयास कर रही है।