MP By Elections: मुरैना के सुमावली में मतदान के दौरान फायरिंग, 2 घायल

सुमावली विधानसभा क्षेत्र से कैबिनेट मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और कांग्रेस के अजब सिंह कुशवाह आमने-सामने हैं।

Updated: Nov 03, 2020, 08:48 PM IST

Photo Courtesy: Amarujala
Photo Courtesy: Amarujala

मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। प्रशासन ने सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए हैं। बावजूद इसके मतदान के दौरान हिंसा की खबरे भी सामने आ रही हैं। मुरैना जिले की सुमावली विधानसभा क्षेत्र में गोलीबारी से उस वक्त हड़कंप मच गया तब लोग मतदान करने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। इस दौरान गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। जिस वजह से कुछ देर तक वोटिंग को रोकना पड़ा।

सुमावली विधानसभा क्षेत्र से कैबिनेट मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और कांग्रेस के अजब सिंह कुशवाह आमने-सामने हैं। बताया जा रहा है कि फर्जी मतदान को लेकर दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भीड़ गए। मतदान के लिए लाइन में लगे कुशवाह समाज के लोगों पर बीजेपी समर्थकों ने लाठियों से मारपीट कर फायरिंग की। फायरिंग में एक युवक घायल हो गया है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। विवाद को बढ़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। वहीं सुमावली विधानसभा क्षेत्र के पचौरीपुरा और धर्मजीत का पुरा में भी दो पक्ष आपस में भीड़ गए और फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि यहां किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। लेकिन टिकटोली गांव में हुई फायरिंग में एक मासूम घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा पीपरीपुरा और घूघस में मतदान स्थल से वर्ग विशेष को फायरिंग कर भगा दिया गया। जिसके बाद कांग्रेस उम्मीदवार मतदाताओं को लेकर पोलिंग बूथ पर पहुंचे।