भाजपा और कांग्रेस के नेता साथ मिलकर मेरे विरुद्ध तंत्र क्रियाएं कराते हैं, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का चौंकाने वाला दावा
पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि रात 9 बजे के बाद भाजपा और कांग्रेस के नेता एकजुट होकर मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचते हैं। तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ तक कराई जा रही हैं।

सागर। मंत्रीपद नहीं मिलने के बाद से मध्य प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह अपनी पार्टी के नेताओं पर भी हमलावर हैं। राज्य के पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने दावा किया है कि रात 9 बजे के बाद भाजपा और कांग्रेस के नेता एकजुट होकर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि मेरे विरुद्ध तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ तक कराई जा रही हैं।
भूपेंद्र सिंह ने कहा, 'आचार्य चाणक्य ने कहा था कि जब सारे बेईमान एक साथ हो जाएं तो समझ लीजिए कि राजा ईमानदार है। यही स्थिति यहां बन गई है। दिन में कोई भाजपा है, कोई कांग्रेस, लेकिन रात में ये सब एक साथ बैठ जाते हैं। इनकी कोई पार्टी नहीं है, इनका मकसद बस मेरा विरोध करना है।'
भूपेंद्र सिंह विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस नेताओं के एकजुट होने की बात कही। सिंह ने कहा, 'कुछ जो कांग्रेसी भाजपाई हैं और जो कांग्रेसी है वो सब रात में एकसाथ बैठते हैं। सबको मालूम है। वह पूरे समय भूपेंद्र भैया के खिलाफ षड्यंत्र करते हैं। खुरई का विकास कैसे रोका जाए। इसके लिए षड्यंत्र होते हैं। पूजा-पाठ कराई जाती है। तंत्र क्रियाएं कराई जाती हैं। सब होता है, सबको पता है।'
भूपेंद्र सिंह का बयान सामने आने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद अहिरवार ने कहा कि यदि ऐसी गतिविधियां हो रही हैं तो वे उदाहरण बताएं और अपनी पार्टी फोरम पर बात रखकर अनुशासनहीनता की कार्रवाई कराएं। कांग्रेस के तरफ से भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सागर के भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा, मुझे अभी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
बता दें कि इससे पहले भूपेंद्र सिंह ने पुलिसकर्मियों पर उनकी कॉल डिटेल निकालकर पर दबाव बनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने जिला योजना समिति की बैठक में उप मुख्यमंत्री और सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला के सामने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि स्थानीय पुलिस अधिकारी एसपी और आईजी की अनुमति के बगैर कुछ लाेगाें के फोन नंबर और मोबाइल का सीडीआर निकाल रहे हैं। इनका मिस यूज किया जा रहा है।