देर रात सागर के गढ़ाकोटा पहुंचे पूर्व CM दिग्विजय सिंह, कांग्रेस प्रत्याशी पर हमले की जानकारी ली

मतदान के दूसरे दिन कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल पर हुआ था जानलेवा हमला, खजुराहो से सीधे गढ़ाकोटा पहुंचे दिग्विजय सिंह, घटनास्थल का दौरा कर कार्यकर्ताओं से ली जानकारी।

Updated: Nov 20, 2023, 10:03 AM IST

सागर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई ज्यादतियों के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मैदान में उतर आए हैं। छतरपुर में धरना समाप्त कर पूर्व सीएम देर रात सागर जिले के गढ़ाकोटा पहुंचे। यहां उन्होंने रहली से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल से मुलाकात कर उनके ऊपर हुए हमले की जानकारी ली।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रविवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे गढ़ाकोटा पहुंचे। यहां उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद वे रेस्ट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बात कर घटनाक्रम की हकीकत को जाना। इस दौरान उनके साथ रहली विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल और अन्य पार्टी मौजूद थे। देर रात तक सिंह कांग्रेस प्रत्याशी और जिले के पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा करते रहे।

दरअसल, मतदान के दूसरे दिन यानी शनिवार शाम को गढ़ाकोटा के गुंजोरा में मंत्री गोपाल भार्गव के गुर्गों ने कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल पर हमला कर दिया था। इस दौरान ज्योति पटेल ने घर में छिपकर खुद को बचाया। हमलावरों ने पटेल के साथ मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और कई वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले के दौरान काग्रेंस प्रत्याशी ज्योति पटेल ने फेसबुक लाइव आकर बताया था कि किस तरह उनके ऊपर फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि मेरी हत्या हो सकती है और इसके लिए मंत्री गोपाल भार्गव जिम्मेदार होंगे।

इसी मामले की हकीकत जानने पूर्व सीएम गढ़ाकोटा पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे सुबह 11 बजे गढाकोटा थाने पहुंचेंगे और आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग करेंगे। बता दें कि इससे पहले दिग्विजय सिंह खजुराहो में थे। यहां वे कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या मामले में धरने पर बैठे थे। सिंह का धरना 24 घंटे तक चला। पूरी रात वे खजुराहो थाने के बाहर खाट लगाकर ही लेटे रहे। रविवार को जिला एसपी के आश्वासन के बाद सलमान के परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए तब सिंह का धरना खत्म हुआ।