घायल जिलाध्यक्ष से मिलने अस्पताल पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, शिवराज सरकार को दी चेतावनी
पटवारी भर्ती घोटाले के विरुद्ध प्रदर्शन के दौरान चोटिल हुए थे भोपाल जिलाध्यक्ष मोनू सक्सेना, भोपाल लौटते ही सीधे अस्पताल पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सक्सेना से मिलकर जाना हालचाल

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह दिल्ली से भोपाल लौट गए हैं। रविवार सुबह पूर्व सीएम भोपाल रेलवे स्टेशन से सीधे सिद्धांता हॉस्पिटल पहुंचे और यहां भर्ती कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना से मिलकर उनका हालचाल जाना। सक्सेना शनिवार को पटवारी भर्ती घोटाले के विरुद्ध प्रदर्शन के दौरान बुरी तरह चोटिल हुए थे।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने प्रदर्शन के दौरान मोनू सक्सेना और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट की घटना की आलोचना की है। सिंह ने एक ट्वीट में लिखा, 'जब जब शिवराज डरता है पुलिस को आगे करता है। 2013 से एमपी के शिक्षित बेरोज़गार नौजवानों को भाजपा सरकार लूट रही है और उनका भ्रष्टाचार हर ऑनलाइन भर्ती में उजागर हो रहा है लेकिन इन बेशर्मों को शर्म नहीं आती। क्यों? इन्हें यह ग़लत फ़हमी है कि चुनाव आने पर यह वोट ख़रीद लेंगे। सरकार नहीं बनी तो एमएलए ख़रीद लेंगे। लेकिन अब ऐंसा नहीं होगा। एमपी की जनता इनकी झूठ फ़रेब और भ्रष्टाचार से तंग आ कर इन्हें इस बार बुरी तरह से हराएगी और ग़द्दारों को सबक़ सिखायेगी।'
जब जब शिवराज @ChouhanShivraj डरता है पुलिस को आगे करता है।
— digvijaya singh (@digvijaya_28) July 16, 2023
२०१३ से एमपी के शिक्षित बेरोज़गार नौजवानों को भाजपा सरकार लूट रही है और उनका भ्रष्टाचार हर online भर्ती में उजागर हो रहा है लेकिन इन बेशर्मों को शर्म नहीं आती। क्यों? इन्हें यह ग़लत फ़हमी है कि चुनाव आने पर यह वोट ख़रीद… https://t.co/9RGWqSbKI3
बता दें कि पटवारी भर्ती परीक्षा में धांधली के मुद्दे पर शिवराज सरकार चौतरफा घिरी हुई है। शनिवार को इसके विरुद्ध राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस पुलिस द्वारा चलाए गए वॉटर कैनन और लाठीचार्ज के कारण कई कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता घायल भी हुए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोनू सक्सेना की बेरहमी से पिटाई की। मौके पर मौजूद कार्यकर्ता उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। चोट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना के कई घंटों बाद तक सक्सेना खून की उल्टियां करते रहे। सक्सेना की दाईं आंख के पास भी गंभीर चोट लगी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना पाकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह अगली सुबह भोपाल पहुंचे और सबसे पहले अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।