बैतूल के पूर्व विधायक विनोद डागा का हार्ट अटैक से निधन, कांग्रेस में शोक की लहर

EX Congress MLA Passes Away: विनोद डागा को कांग्रेस ने उपचुनाव में मेहगांव का चुनाव प्रभारी भी बनाया था

Updated: Nov 12, 2020, 07:54 PM IST

Photo Courtesy : Google
Photo Courtesy : Google

बैतूल। बैतूल से पूर्व विधायक विनोद डागा नहीं रहे। आज सुबह मंदिर में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। विनोद डागा के निधन से कांग्रेस पार्टी में शोक का माहौल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विनोद डागा अपनी दैनिक दिनचर्या के हिसाब से सुबह सुबह जैन मंदिर गए थे। वहीं अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  

विनोद डागा बैतूल से कांग्रेस के विधायक भी रह चुके थे। फिलहाल उनके छोटे भाई निलय डागा इस सीट से विधायक हैं।उपचुनाव के दौरान कांग्रेस ने विनोद डागा को मेहगांव सीट पर चुनाव प्रभारी भी नियुक्त किया था।  

विनोद डागा के आकस्मिक निधन से कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर है। कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने विनोद डागा के निधन को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है, 'कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता,हमारे बड़े भाई,पूर्व विधायक श्री विनोद डागा जी के असामयिक निधन की सूचना पीड़ादायक है,वर्षों तक इस जवांदिल नेता के सानिध्य में काम किया,अभी ग्वालियर-चम्बल अंचल में भी साथ थे। सादर स्मरण, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। विनम्र नमन 

देवाशीष जरारिया ने विनोद डागा को याद करते हुए लिखा, 'यकीन नही हो रहा हँसमुख मिलनसार बैतूल से पूर्व विधायक और मेहगांव उपचुनाव प्रभारी आदरणीय विनोद डागा जी हमारे बीच नही रहे।उपचुनाव के दौरान उनके साथ कार्य किया अभी कुछ दिन पहले तक साथ थे।ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिजनों को सबल प्रदान करे।'