ग्वालियर पुलिस ने दो गांजा तस्करों को दबोचा, एक्टिवा में 2 किलो गांजा लेकर निकले थे
तस्करों के पास से बरादम गांजे की अनुमानित कीमत 20 हजार रुपए बताई जा रही है। सीएसपी किरण अहिरवार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई है।

ग्वालियर। ग्वालियर में पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जनकगंज थाना पुलिस ने की है। रविवार देर रात दो गांजा तस्कर एक्टिवा से गांजे की खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस ने तस्करों को पकड़ा और उनके पास से दो किलो 147 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत कीमत 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
सीएसपी किरण अहिरवार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोल पहाड़िया पुलिस चौकी के पास दो व्यक्ति एक एक्टिवा पर गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। इसकी सूचना पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए और जनकगंज थाना पुलिस ने चौकी पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक्टिवा क्रमांक MP07 ZA-7058 पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते देखें गए। पुलिस को देखकर वे भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन जनकगंज थाना पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।
यह भी पढ़ें: पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ले रहे हैं राजनीति से संन्यास, जन्मदिन पर बेटे ने फेसबुक पोस्ट में किया दावा
प्रशासन की पूछताछ में पकड़े गए तस्करों की पहचान 48 वर्षीय राजीव जायसवाल, पुत्र हेमंत शिवहरे गोल पहाड़िया, निवासी ग्वालियर, और 22 वर्षीय सुनील कुशवाह, पुत्र सुरेश कुशवाह (बामौर, मुरैना गोल पहाड़िया) के रूप में हुई। इनकी एक्टिवा की डिग्गी में गांजा भरा मिला था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
अधिकारी उनसे इस गिरोह के अन्य सदस्यों और गांजे की सप्लाई करने वालों की जानकारी जुटाने में जुटे हैं। पुलिस को आशंका है कि आगे गहराई से पूछताछ के बाद कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं और गिरोह के अन्य सदस्य भी पकड़े जा सकते हैं।