जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर को मार गिराया, पहलगाम हमले में था शामिल
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने 5 दिन लंबे जॉइंट ऑपरेशन में लश्कर (LeT) के टॉप कमांडर जाकिर गनी को ढेर कर दिया है। बुधवार को उसका शव मिला। वह अप्रैल 2026 के पहलगाम हमले के वांटेड 14 आतंकियों की लिस्ट में शामिल था।
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पांच दिनों तक चले संयुक्त ऑपरेशन के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष कमांडर जाकिर अहमद गनी को मार गिराया गया। बुधवार को चनापोरा इलाके से उसका शव बरामद किया गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जाकिर उन 14 स्थानीय आतंकियों की सूची में शामिल था जिन्हें पहलगाम आतंकी हमले के बाद चिन्हित किया गया था। इस कार्रवाई के बाद सूची में शामिल अब तक 9 आतंकियों का सफाया किया जा चुका है। जबकि, शेष 5 आतंकियों की तलाश जारी है।
सुरक्षा एजेंसियों को शनिवार शाम चनापोरा क्षेत्र में आतंकियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार पांच दिनों तक चले अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को सील कर जंगलों, बागों और आसपास के इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसके बाद जाकिर गनी का शव बरामद किया गया। अधिकारियों को अभी भी एक अन्य आतंकी लतीफ भट के इलाके में छिपे होने की आशंका है। जिसके चलते अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें:इंदौर के बाद जबलपुर में दूषित पेयजल से रहवासी परेशान, नलों से निकल रहा काला और बदबूदार पानी
ऑपरेशन में सेना की 44, 20, 34 और 55 राष्ट्रीय राइफल्स की टुकड़ियों के साथ 3 पैरा यूनिट, जम्मू-कश्मीर पुलिस का स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सीआरपीएफ की 14वीं एवं 178वीं बटालियन शामिल रहीं थी। सेना की विशेष आतंकवाद रोधी इकाई विक्टर फोर्स ने आतंकियों के संभावित भागने के सभी रास्तों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए। घने बागों और जंगलों में रात के समय भी अभियान प्रभावी ढंग से जारी रखने के लिए विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई और लगातार निगरानी रखी गई।
जानकारी के मुताबिक, जाकिर अहमद गनी कुलगाम जिले के मतलहामा गांव का रहने वाला था। वह 2023 से दक्षिण कश्मीर और पीर पंजाल क्षेत्र में सक्रिय था तथा बाद में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़कर कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा। उसका नाम पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े कई मामलों में सामने आया था। अक्टूबर 2025 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत ने उसके खिलाफ नोटिस जारी किया था। इसके अलावा अप्रैल 2026 के पहलगाम आतंकी हमले की जांच में भी उसका नाम सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल किया था। पहलगाम हमले के बाद जिन 14 स्थानीय आतंकियों की पहचान सार्वजनिक की गई थी। जिसके बाद उनके घरों पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की थी।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में भरभराकर गिरी 5 मंजिला जर्जर इमारत, बाजार बंद होने से टला बड़ा हादसा
रिकॉर्ड के अनुसार, जाकिर 2024 से लश्कर-ए-तैयबा का सक्रिय सदस्य था। जबकि, लतीफ भट पिछले साल संगठन में शामिल हुआ था। जाकिर की मौत के साथ ही पहलगाम हमले के बाद चिन्हित 14 स्थानीय आतंकियों में से नौ मारे जा चुके हैं। इससे पहले मई 2025 में शोपियां और पुलवामा में हुए अलग-अलग अभियानों में छह आतंकियों को ढेर किया गया था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सूची में शामिल शेष पांच आतंकियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं।
बीते डेढ़ साल के दौरान जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने कई बड़े आतंकवाद-रोधी अभियान चलाए हैं। मई 2025 में शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। जिसमें सरकार के अनुसार, 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे। इसके बाद ऑपरेशन केलर में शोपियां क्षेत्र में लश्कर के तीन आतंकियों का सफाया किया गया। इनमें शीर्ष कमांडर शाहिद कुट्टे भी शामिल था।
यह भी पढ़ें:MP में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, अगले 4 दिन भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी
जुलाई 2025 में ऑपरेशन महादेव के दौरान श्रीनगर के हरवन-दाचीगाम क्षेत्र में तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए जिन्हें पहलगाम हमले से जुड़ा बताया गया था। अगस्त 2025 में कुलगाम के जंगलों में ऑपरेशन अखल के दौरान तीन आतंकियों को मार गिराया गया था। जबकि, सितंबर 2025 में ऑपरेशन गुड्डर के तहत दो आतंकियों के मारे जाने के साथ दो जवान भी वीरगति को प्राप्त हुए थे। जून 2026 से दक्षिण कश्मीर में ऑपरेशन शेरोवाली के तहत आतंकियों के नेटवर्क, उनके ठिकानों और मददगारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।




