MP में स्वास्थ्य सेवाएं ठप, कमलनाथ बोले- डॉक्टरों की मांग पर तत्काल विचार करे सरकार

हड़ताल पर हैं मध्य प्रदेश के 15 हजार से ज्यादा शासकीय डॉक्टर, भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में 32 ऑपरेशन टाले गए, कमलनाथ बोले- डॉक्टरों की मांग पर तत्काल विचार करे सरकार

Updated: May 03, 2023, 06:31 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के 15 हजार से ज्यादा सरकारी डॉक्टर बुधवार से हड़ताल पर चले गए। हड़ताल का असर भोपाल, इंदौर समेत पूरे प्रदेशभर में दिखाई दे रहा है। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों अस्पतालों के बाहर परेशान होकर भटक रहे हैं। प्रदेश के 12 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भर्ती 228 मरीजों के ऑपरेशन बुधवार को टाल दिए गए हैं। अकेले भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में 32 ऑपरेशन टाले गए हैं। 

डॉक्टरों के हड़ताल के बीच कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ का भी बयान सामने आया है। पूर्व सीएम ने राज्य सरकार से गुजारिश करते हुए कहा है कि डॉक्टरों की मांग पर तत्काल विचार किया जाए। पूर्व सीएम ने ट्वीट किया, "प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। इससे जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस पूरे मामले में सरकार ने गंभीरता से डॉक्टरों की बात नहीं सुनी और कल शासन के शीर्ष स्तर से सिर्फ भटकाने वाले बयान सामने आते रहे।" 

पूर्व सीएम ने आगे लिखा, "आज भी सुबह से मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ मंत्री अन्य बातों से लोगों का ध्यान भटकाने में लगे हुए हैं, लेकिन चिकित्सकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने, उन पर न्यायोचित कार्यवाही करने और जनता को इस परेशानी से बचाने के लिए कोई ठोस कार्यवाही करते नजर नहीं आ रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि जनता का ध्यान भटकाने और डॉक्टरों से वादाखिलाफी करने के बजाए वे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर ध्यान दें और डॉक्टरों की मांगों पर तत्काल विचार करें।"

यह भी पढ़ें: कर्मचारी, डॉक्टर, वकील सब हड़ताल पर, MP को हड़ताल प्रदेश बनाकर रख दिया है: CM चौहान पर बरसे कमलनाथ

मामले पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि, "सरकार की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डाक्टरों से बातचीत चल रही है। कई मुद्दे थे उन सब पर सहमति भी बनी है। एक-दो मुद्दे थे, जिस पर सहमति नहीं बन पाई है, लेकिन फिर भी हम लोगों ने बातचीत की है। डॉक्टरों से अनुरोध किया है कि स्ट्राइक कॉल ऑफ करें। वैसे भी ये मानवता से जुड़ा हुआ है। समाज में डॉक्टरों की हमेशा इज्जत रही है। उनको भगवान के रूप में मानते हैं। इसलिए उनको स्ट्राइक वापस लेना चाहिए।"