कर्मचारी, डॉक्टर, वकील सब हड़ताल पर, MP को हड़ताल प्रदेश बनाकर रख दिया है: CM चौहान पर बरसे कमलनाथ

बचे हुए 5 महीनों के कार्यकाल में शिवराज सिंह चौहान ने घोषणाओं की बारिश शुरू कर दी है, जेब में नारियल लेकर साथ चलते हैं, परंतु आज का मतदाता सजग और जागरूक है सब समझ रहा है: कमलनाथ

Updated: May 03, 2023, 01:18 PM IST

दमोह। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बुधवार को एकदिवसीय दौरे पर दमोह जिले के जबेरा पहुंचे। जबेरा के तेजगढ़ गांव में उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। पूर्व सीएम ने यहां प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि संविदा कर्मचारी, डॉक्टर, वकील सब हड़ताल पर हैं, शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश को हड़ताल प्रदेश बनाकर रख दिया है।

कमलनाथ ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, 'मध्य प्रदेश में आज समाज का हर वर्ग परेशान है। शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को हड़ताल प्रदेश बनाकर रख दिया है। संविदा कर्मचारी हड़ताल पर हैं, डॉक्टर हड़ताल पर हैं, वकील हड़ताल कर रहे हैं। यह आज प्रदेश की तस्वीर है जो किसी से छुपी हुई नहीं है। आखिरी के 5 महीनों के कार्यकाल में शिवराज सिंह चौहान ने घोषणाओं की बारिश शुरू कर दी है। जेब में नारियल लेकर साथ चलते हैं। परंतु आज का मतदाता सजग और जागरूक है सब समझ रहा है।'

यह भी पढ़ें: अगला लोकसभा चुनाव बदलाव के लिए होगा, ममता ने सभी विपक्षी दलों से एकजुट होने का किया आह्वान

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'प्रदेश की 8 करोड़ जनसंख्या में से आज लगभग एक करोड़ नौजवान बेरोजगार हैं। हमारे दमोह जिले में रोजगार के कोई अवसर नहीं बचे हैं, हजारों की संख्या में लोग पलायन करने पर विवश हैं। यूपीए सरकार द्वारा दिया गया बुंदेलखंड पैकेज 8 हजार करोड़ रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया और बुंदेलखंड की स्थिति जस की तस बनी रही।'

कर्नाटक में बजरंग दल को बैन करने संबंधी घोषणापत्र को लेकर पूछे जाने पर कमलनाथ ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जो भी व्यक्ति या संस्था समाज में नफरत या विवाद पैदा करते हैं, उन पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। यह किसी व्यक्ति या संस्था को टारगेट करने का विषय नहीं है। यह हमारी सामाजिक एकता का विषय है। समाज में नफरत और विवाद पैदा करने वाले संगठनों और मेरे आराध्य देव भगवान हनुमान जी में कोई संबंध नहीं है।'

शराबबंदी के मुद्दे पर पूर्व सीएम ने कहा, 'शिवराज सिंह चौहान जी स्वयं कहते थे कि हम शराब पर प्रतिबंध लगाएंगे। उल्टा आज प्रदेश में शराब की दुकानें दोगुनी कर दी है। घर-घर शराब पहुंच रही है, इस कारण प्रदेश की मां-बहनों पर अत्याचार के मामले देश में सबसे ज्यादा है।' उन्होंने आगे कहा, 'हमने किसानों को फसल का सही मूल्य दिलवाया। खाद बीज के लिए किसान को भटकना नहीं पड़ा। दमोह जिले में हमने 53000 किसानों का कर्जा माफ किया।'

यह भी पढ़ें: MP में आज ठप रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं, हड़ताल पर जा रहे हैं प्रदेश के 10 हजार शासकीय डॉक्टर्स

पूर्व सीएम ने कहा, 'किसानों के लिए "बिजली बिल हाफ और कर्जा माफ" का नारा हमने दिया था। उस पर आगे भी अमल करेंगे। मैं निराधार बातें करना पसंद नहीं करता। यह सत्य है कि प्रदेश पर आज 3.50 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज है। परंतु हमने रूपरेखा तैयार कर रखी है। कांग्रेस की सरकार आते ही हम माताओं बहनों को 500 रुपए में सिलेंडर देंगे। साथ ही 15 सौ रुपए प्रतिमाह देने के लिए भी हम प्रतिबद्ध हैं।'