महू में अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, किराए के मकान से जब्त हुई 8 किलो MD ड्रग
इंदौर के महू स्थित थवलाय गांव में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी ड्रग बनाने वाली लैब का भंडाफोड़ किया। किराए के मकान से करीब 8 किलो मेफेड्रोन, केमिकल और लैब उपकरण बरामद हुए।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में नारकोटिक्स डिपार्टमेंट ने महू क्षेत्र के बड़गोंदा थाना के थवलाय गांव में संचालित एक गुप्त ड्रग लैब का खुलासा किया गया है। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) की टीम ने एक किराए के मकान पर दबिश देकर लगभग 8 किलोग्राम एमडी ड्रग (मेफेड्रोन) बरामद की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार सुबह की गई। उस दौरान सीबीएन की करीब 20 सदस्यीय टीम थवलाय गांव पहुंची। टीम को मंदसौर में पहले पकड़े गए दो आरोपियों से महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। जिसके आधार पर संदिग्ध मकान को चारों तरफ से घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में केमिकल, लैब से जुड़े उपकरण और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। इस से स्पष्ट हुआ कि यहां संगठित तरीके से ड्रग तैयार की जा रही थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने औद्योगिक क्षेत्र में काम करने का बहाना बनाकर मकान किराए पर लिया था। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों और मकान मालिक को शक से दूर रखना था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस लैब में तैयार की जा रही एमडी ड्रग को मध्य प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में सप्लाई करने की योजना बनाई गई थी।
कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियों ने पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है। टीम अब ड्रग बनाने में इस्तेमाल हुए कच्चे माल की सप्लाई चेन, तैयार माल की सप्लाई चेन और इससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
हालांकि, सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जब्त की गई 8 किलोग्राम एमडी ड्रग पूरी तरह थवलाय से बरामद हुई है या इसका संबंध मंदसौर में पहले हुई गिरफ्तारी से भी जुड़ा हुआ है। जांच जारी है और एजेंसियां मामले के हर पहलू को गंभीरता से खंगाल रही हैं।




