राजा राम मोहन राय पर विवादित बयान देकर घिरे MP के शिक्षा मंत्री, वीडियो जारी कर मांगी माफी

मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने आगर मालवा के एक कार्यक्रम में समाज सुधारक राजा राम मोहन राय को फर्जी समाज सुधारक बताया था।

Updated: Nov 16, 2025, 02:02 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार महान समाज सुधारक राजा राम मोहन राय पर टिप्पणी कर विवादों में घिर गए हैं। बवाल बढ़ता देख मंत्री परमार ने यू टर्न ले लिया है। उन्होंने अपने बिगड़े बोल के लिए माफी भी मांगी है।

मंत्री परमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उनके मुंह से समाज सुधारक राजा राम मोहन राय के बारे में गलत बात निकल गई। वह माफी मांगते हैं। मंत्री परमार ने स्पष्ट किया कि बिरसा मुंडा जयंती के एक कार्यक्रम में वे अंग्रेजों की साजिशों और उस दौर की परिस्थितियों पर चर्चा कर रहे थे। उसी दौरान प्रवाह में उनके मुंह से देश के महान समाज सुधारक राजा राममोहन राय के बारे में गलत बात निकल गई।

इंदर सिंह परमार ने कहा कि मेरे कथन से लोगों की भावनाएं आहत हुई होंगी, इसका मुझे दुख है। मैं व्यक्तिगत रूप से राजा राममोहन राय का सम्मान करता हूं। उनसे जुड़ा गलत संदर्भ मेरी ओर से अनजाने में आया है और उसके लिए मैं प्रायश्चित करता हूं। माफी मांगते हुए उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य कभी भी किसी समाज सुधारक का अपमान करना नहीं था और आगे से शब्दों के चयन को लेकर और अधिक सतर्क रहेंगे।

बता दें कि मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने आगर मालवा में जनजातीय नायक बिरसा मुंडी की 150वीं जयंती पर राजा राममोहन राय को अंग्रेजों के दलाल के रूप में काम करने वाला बताया था। यहीं नहीं मंत्री ने कहा कि वह फर्जी समाज सुधारक थे। इससे पहले मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा अमेरिका की खोज कोलंबस ने नहीं बल्कि हमारे पूर्वजों के द्वारा करने के बयान से चर्चा में आ गए थे। मंत्री के बयान के बाद सियासत भी गरमा गई। कांग्रेस ने समाज सुधारक राजा राम मोहन राय को लेकर विवादित बयान देने पर मंत्री से माफी मांगने और भाजपा सरकार से उनको पद से हटाने की मांग की है।