विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, ODI विश्व कप विजेता हरमनप्रीत कौर बनीं कप्तान

इंग्लैंड में 12 जून से शुरू होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए BCCI ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। हरमनप्रीत कौर कप्तान और स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी।

Updated: May 02, 2026, 10:43 PM IST

इंग्लैंड और वेल्स में आगामी 12 जून से शुरू होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 सदस्यीय भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है। जबकि, स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी।

शनिवार को घोषित टीम में हाल ही में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के कोर ग्रुप को बरकरार रखा गया है। टी20 विश्व कप की टीम में वर्ल्ड कप टीम के 11 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं ने युवा प्रतिभा और अनुभव के संतुलन पर जोर दिया है। पंजाब की नंदिनी शर्मा को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप टीम में मौका मिला है। जबकि, अमनजोत कौर चोट के कारण टीम से बाहर हैं। इसके अलावा प्रतीका रावल, हरलीन देओल और स्नेह राणा जैसे नाम भी इस बार चयन से चूक गए हैं।

यह भी पढ़ें:MP में मौसम का यूटर्न, भोपाल समेत कई जिलों में हुई आंधी बारिश, IMD ने जारी किया 72 घंटे का अलर्ट

भारतीय बल्लेबाजी क्रम में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगी। जबकि, जेमिमा रोड्रिग्स तीसरे नंबर पर उतरेंगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर मिडिल ऑर्डर में अहम भूमिका निभाएंगी। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋचा घोष को दी गई है। वह डेथ ओवर्स में तेज बल्लेबाजी के लिए भी जानी जाती हैं। वहीं, यस्तिका भाटिया बैकअप विकेटकीपर और अतिरिक्त ओपनिंग विकल्प के रूप में टीम में शामिल हैं। गेंदबाजी आक्रमण में अनुभवी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को अगुवाई सौंपी गई है। जिनका साथ अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ देंगी। स्पिन विभाग में दीप्ति शर्मा की अहम भूमिका होगी। साथ ही टीम में श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और श्री चरणी टीम को भी शामिल किया गया है।

टूर्नामेंट के इस 10वें संस्करण में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन्हें छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। हर टीम ग्रुप स्टेज में पांच-पांच मुकाबले खेलेगी और दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। टूर्नामेंट में कुल 33 मैच खेले जाएंगे। वहीं, इसका खिताबी जंग 5 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर आयोजित होगा।

यह भी पढ़ें:भोपाल से हटाई गई 70 साल पुरानी आदिवासी बस्ती, पुनर्वास की मांग को लेकर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता

भारतीय टीम के ग्रुप चरण के सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे। 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के बाद भारत 17 जून को नीदरलैंड्स, 21 जून को दक्षिण अफ्रीका, 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।

टूर्नामेंट के इतिहास पर नजर डालें तो महिला टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा रहा है। कंगारूओं ने अब तक छह बार टूर्नामेंट का खिताब जीता है। इंग्लैंड ने 2009 में पहला संस्करण जीता था। जबकि, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड ने भी एक-एक बार ट्रॉफी अपने नाम की है। भारतीय टीम ने अभी तक यह खिताब नहीं जीता है लेकिन 2025 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम का मनोबल काफी ऊंचा है और इस बार टी20 फॉर्मेट में भी खिताब जीतने की मजबूत दावेदार मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें:बरगी क्रूज हादसे में 9 मौतों के बाद एक्शन में सरकार, CM मोहन ने तीन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की