इंदौर: नर्मदा जयंती पर स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 1 की मौत और 15 घायल

30 से ज्यादा श्रद्धालुओं को लेकर ओंकारेश्वर जा रही आयशर के पलटने से एक महिला की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हैं।

Updated: Jan 28, 2023, 09:13 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हैं। यहां भेरु घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी एक आयशर बस पलट गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वाहन में 30 से ज्यादा श्रद्धालु सवार थे। वे सभी नर्मदा जयंती पर स्नान करने ओंकारेश्वर जा रहे थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे भेरु घाट पर हुआ। 30 से ज्यादा दर्शनार्थियों को लेकर ओंकारेश्वर जा रही आयशर असंतुलित होकर पलट गया और खाई में जा गिरी। हादसे में करीब 15 यात्री घायल हुए हैं, इसमें एक महिला की मौत हो गई।

घटना के बाद सभी घायलों को ग्रामीणों और पुलिस ने खाई में उतर कर निकाला और देर रात एमवाय अस्पताल भेजा। हादसे की खबर लगते ही कलेक्टर इलैयाराजा टी और एडीएम अजय देव शर्मा भी एमवाय अस्पताल पहुंच गए और घायलों के बारे में डॉक्टरों से जानकारी ली।

जानकारी के मुताबिक सभी यात्री शनिवार को नर्मदा जयंती के चलते स्नान के लिए इंदौर से जा रहे थे और हादसा हो गया। एमवाय अस्पताल अधीक्षक डॉ.पीएस ठाकुर ने बताया कि एक मृत महिला सहित 15 घायलों को अस्पताल लाया गया। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार आयशर असंतुलित होकर कैसे पलटी ये अभी स्पष्ट नहीं है।