कैलारस में शक्कर कारखाने की नीलामी के विरुद्ध जेल भरो आंदोलन, 800 ट्रैक्टर लेकर सड़क पर उतरे किसान
मुरैना जिले में किसानों के विरोध और हंगामा को देखते हुए कैलारस शक्कर कारखाने की नीलामी रोक दी गई है।

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले कि कैलारस शुगर मिल को फिर से चालू करने के लिए शक्कर कारखाना बचाओ संघर्ष समिति का धरना आंदोलन कर रही है। मंगलवार को इस कारखाने की नीलामी होनी थी। लेकिन नीलामी के विरुद्ध हजारों की संख्या में किसानों ने मोर्चा खोल दिया। किसानों का विरोध और हंगामा देख फिलहाल नीलामी प्रक्रिया रोक दी गई है।
दरअसल, कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने युवा एवं किसानों से नीलामी प्रक्रिया को रोकने के लिए सत्याग्रह और जेल भरो आंदोलन में शामिल होने शक्कर कारखाने पर एकत्रित होने का आह्वान किया था। मंगलवार को किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता करीब 800 ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर धरनास्थल पर पहुंचे। वे सत्याग्रह और जेल भरो आंदोलन कर रहे थे।
यह भी पढे़ं: स्वास्थ्य विभाग को आवंटित 7 करोड़ रुपए गायब, BJP विधायक ने भरे मंच से डिप्टी सीएम से पूछ लिया सवाल
नीलामी के दौरान जिन चार दावेदारों ने राशि जमा कराई थी, उन्होंने अपने नाम वापस ले लिए। उन्होंने लिखित में बताया कि नीलामी में लगाई जाने वाली बोली बाजार के मूल्य से ज्यादा है। जिसके बाद नीलामी स्थगित कर दी गई। वहीं, कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने कहा कि विरोध के बाद नीलामी रोक दी गई है। कलेक्टर अंकित अस्थाना ने आश्वासन दिया है कि शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू किया जाएगा। अगर प्रशासन ने वादाखिलाफी की तो 26 जनवरी से दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।
बता दें कि कैलारस का शक्कर कारखाना पिछले 13 साल से बंद पड़ा है। ऐसे में सरकार ने कारखाने की भूमि नीलाम करने का निर्णय लिया था। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे शक्कर फैक्ट्री की कृषि भूमि की नीलामी प्रकिया शुरू हुई। कार्यालय के बाहर एडीएम के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया था। जमीन को खरीदने के लिए पांच खरीददारों ने 5 लाख रुपए की राशि जमा की थी। लेकिन बोली शुरू होने से पहले ही नीलामी रोक दी गई।
प्रदर्शन के दौरान विधायक पंकज उपाध्याय ने कहा कि किसानों के लंबे समय से चल रहे धरने के बावजूद सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया। केंद्र सरकार ने बंद पड़े कारखानों को पुनः चालू करने के लिए 10 करोड़ रुपए के प्रावधान किए हैं। लेकिन राज्य सरकार की इच्छाशक्ति की कमी के चलते कैलारस शक्कर कारखाने को चालू करने की कोई पहल नहीं हो रही।धरने में विधायक पंकज उपाध्याय के साथ उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और हजारों की संख्या में कांग्रेसजन और ग्रामीण मौजूद रहे।