लहसुन-प्याज उगाने वाले किसानों के साथ अन्याय हो रहा है, शुजालपुर के अकोदिया मंडी में बोले कमलनाथ

भाजपा सरकार ने आज मध्य प्रदेश को घोटाला प्रदेश बनाकर रख दिया है। भ्रष्टाचार करने में धर्म को भी नहीं छोड़ा। इस खोखली सरकार ने भगवान की मूर्तियां तक खोखली बनाई: पीसीसी चीफ कमलनाथ

Updated: Jun 21, 2023, 02:48 PM IST

शुजालपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ बुधवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर दौरे पर पहुंचे। यहां अकोदिया मंडी में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में लहसुन और प्याज उगाने वाले किसनों के साथ अन्याय हो रहा है।

कमलनाथ ने अकोदिया मंडी में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, 'मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने आज प्रदेश को घोटाला प्रदेश बनाकर रख दिया है। भाजपा ने महाकाल लोक के निर्माण कार्य में घोटाला किया। इन्होंने भ्रष्टाचार करने में धर्म को भी नहीं छोड़ा। इस खोखली सरकार ने भगवान की मूर्तियां तक खोखली बनाई देशभर में प्रदेश को कलंकित किया।'

यह भी पढ़ें: MP आने पर जूतों की माला पहना गधे पर घुमाएंगे, संस्कृति बचाओ मंच ने मनोज मुंतशिर को दी चेतावनी

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'भाजपा सरकार ने सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध रूप से भूमि का डायवर्शन कर दिया। 2028 में होने वाले सिंहस्थ से पहले ही जमीनों का लैंड यूज चेंज किया गया, इस प्रकार के घपले घोटाले धर्म के नाम पर किए गए। पूरा देश देख रहा है कि हमारे तीर्थस्थल भी भाजपा के राज में सुरक्षित नहीं है।' उन्होंने आगे कहा, 'हाल ही में राजधानी भोपाल के सतपुड़ा भवन में आग लगी 17 घंटों तक आग लगी रही यह आग लगी या लगाई गई इस पर संदेह है।'

बेरोजगारी के मुद्दे पर कमलनाथ ने कहा कि, 'प्रदेश में रजिस्टर्ड बेरोज़गार नौजवानों की संख्या 40 लाख को पार कर गई है। रजिस्ट्रेशन से नौजवानों का भरोसा उठ गया है। लगभग एक करोड़ नौजवान आज प्रदेश में बेरोजगार बैठा है। निवेशकों को आज मध्य प्रदेश पर विश्वास नहीं है। निवेश तभी आएगा जब मध्य प्रदेश पर देश के निवेशकों को भरोसा हो।'

पीसीसी चीफ ने कहा शाजापुर जिले की बात करें तो हमारे लहसुन, प्याज, टमाटर अन्य सब्जियां उगाने वाले किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि क्या किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल रहा है? आज कितने प्रतिशत किसानों को समर्थन मूल्य मिल रहा है? आज मंडियों में किसानों को लंबी-लंबी लाइनों में क्यों लगना पड़ता है? यह बड़ा प्रश्न है।

कमलनाथ ने दावा किया कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की भारी बहुमतों से जीत होगी। पूर्व सीएम ने पुलिस अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि पुलिस को अपनी वर्दी का सम्मान करना चाहिए। कुछ लोग भारतीय जनता पार्टी का बिल्ला जेब में रखकर कार्य कर रहे हैं। मात्र चार-पांच महीने की बात है, ऐसे लोगों पर हम कार्रवाई अवश्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जिस कार्यकर्ता ने 18 वर्षों तक पार्टी का झंडा थामे रखा वह आज इस बात को अच्छी तरह जानता है कि यह चुनाव किस प्रकार से उनका और प्रदेश का भविष्य तय करेगा।