इंदौर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट से सामान चोरी, व्यापारी के सूटकेस से कीमती सामान गायब, FIR दर्ज
मुंबई से एयर इंडिया की फ्लाइट से इंदौर पहुंचे एक व्यापारी के चेक-इन सूटकेस का ताला तोड़कर राडो घड़ी और महंगा सामान चोरी कर लिया गया। घटना बीते 2 मई की बताई जा रही है।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर बैगेज सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुंबई से पहुंचे एक व्यापारी का चेक इन सूटकेस टूटा हुआ मिला और उसमें रखा महंगा सामान गायब था। घटना 2 मई की बताई जा रही है। एरोड्रम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्रीनाथ रेजीडेंसी निवासी फर्नीचर व्यवसायी शिकायतकर्ता हिमांशु गुप्ता ने बताया कि वे 2 मई को मुंबई से एअर इंडिया की फ्लाइट AI2591 से इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 4 बजे अपने दो बैग चेक इन काउंटर पर जमा किए थे। फ्लाइट सुबह 7:25 बजे रवाना हुई और वे करीब 9 बजे इंदौर पहुंचे। जब उन्होंने एयरपोर्ट के बैगेज बेल्ट नंबर-2 से अपना सामान उठाया तो बड़े सूटकेस का ताला टूटा हुआ और चेन खुली मिली।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में तेज रफ्तार बस ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, 50 से ज्यादा घायल, 6 की हालत गंभीर
बैग की जांच करने पर उसमें रखी राडो कंपनी की घड़ी, परफ्यूम और दो लेदर बेल्ट गायब गए थे। हिमांशु के अनुसार, जब उन्होंने सामान चेक इन किया था तब बैग पूरी तरह सुरक्षित था। घटना के तुरंत बाद उन्होंने एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ और एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी दी लेकिन उन्हें मौके पर कोई स्पष्ट जवाब या संतोषजनक सहायता नहीं मिली।
पीड़ित का आरोप है कि एयरपोर्ट पर न तो उनकी शिकायत दर्ज की गई और न ही उन्हें कोई लिखित दस्तावेज दिया गया। बाद में जब उन्होंने ईमेल और सोशल मीडिया के जरिए एअर इंडिया से संपर्क किया तो उनसे पिल्फरेज रिपोर्ट मांगी गई। जबकि, एयरपोर्ट पर यही रिपोर्ट बनाने से मना कर दिया गया था। इस पूरे घटनाक्रम ने एयरलाइन की प्रक्रिया और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें:MP में 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 39 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
हिमांशु गुप्ता ने अपने ईमेल में कहा है कि यह सिर्फ सामान चोरी का मामला नहीं है बल्कि यात्रियों की सुरक्षा, पारदर्शिता और सेवा मानकों की गंभीर विफलता का उदाहरण है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब एयरपोर्ट पर स्टाफ ही जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं करता तो यात्री अपने अधिकारों का दावा कैसे करेंगे। मामले में एरोड्रम थाना पुलिस ने चोरी की FIR दर्ज कर ली है और एयरलाइन स्टाफ से भी जानकारी जुटाई जा रही है।




