किसानों और बुजुर्गों के लिए दिग्विजय सिंह ने फिर उठाई आवाज

unlock 1 : किसानों की समस्याओं के समाधान और बुजुर्गों को बढ़ी हुई पेंशन दिलवाने के लिए मुख्‍यमंत्री सहित जिम्‍मेदारों को लिखे पत्र

Publish: Jun 06, 2020, 05:48 AM IST

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रदेश के किसानों की समस्याओं को लेकर शासन और प्रशासन को पत्र लिखा है। प्रदेश में किसान और बुजुर्ग सुविधाएं नहीं मिलने से परेशान हो रहे हैं। इनकी परेशानी के निराकण के लिए दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, प्रमुख सचिव कृषि, कलेक्टर भोपाल एवं प्रबंध संचालक, अपेक्स बैंक को अलग-अलग पत्र लिखकर किसानों की अनेक समस्याओं से अवगत कराया है,और गरीब जनता की समस्याओं के निराकरण का आग्रह किया है।

दिग्विजय सिंह ने 3 जून को बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के कई गेहूं उपार्जन केन्द्रों का दौरा किया था। ग्राम गुनगा एवं धमर्रा में किसानों ने खरीदी केंद्र से एसएमएस आने के बाद भी फसल तुलाई नहीं होने की शिकायत की थी। दिग्विजय सिंह ने ‘जय किसान ऋण माफी योजना’ के अंतर्गत दूसरे चरण की राशि किसानों के खाते में डालने की मांग की है। दिग्विजय सिंह का कहना है कि दूसरे चरण की राशि को किसानों के सहकारी बैंकों के ऋण खाते में शीघ्र जमा कराया जाये। ताकि किसान आगामी खरीफ की फसल के समय किसान क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर सकें।

केंद्रीकृत खरीदी के दौरान बढ़ी भीड़ से किसान परेशान  

बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में गेहूं उपार्जन के लिये 72 उपार्जन केन्द्रों के 16 स्थानों पर केन्द्रीयकृत खरीदी की जा रही है। जिससे काफी भीड़ हो रही है और कोरोना काल में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिग्विजय सिंह ने प्रमुख सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि किसानों को उनकी फसल का तुरंत भुगतान किया जाए।

फसल बीमा राशि का भुगतान कराने की मांग 

ग्राम गरेठिया दांगी, सागोनी, बरखेड़ा, बरोड़ी, सेमरी, कोलूखेड़ी, सूजाखेड़ी, सेमरा, खजूरिया जैसे गांवों में किसानों को 2018-19 के फसल बीमा राशि का अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। जिसके बारे में दिग्विजय सिंह ने प्रमुख सचिव, कृषि को पत्र लिखकर तत्काल फसल बीमा राशि के भुगतान कराने की मांग की है।

बुजुर्गों को बढ़ी हुई वृद्धावस्था पेंशन देने की मांग

ग्राम गुनगा औऱ धमर्रा सहित कई गांवों के बुजुर्गों को बढ़ी हुई वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही है। दिग्विजय सिंह ने कलेक्टर भोपाल को पत्र लिखकर बुजुर्गों की समस्या का समाधान करने का अनुरोध किया है। साथ ही गुनगा जिला सहकारी बैंक में भुगतान काउंटरों की कमी के कारण किसानों की लंबी लाइन लग रही है, जिसके लिए सहकारी बैंक में भुगतान काउंटर बढ़ाने की मांग की है।

किसानों के खाते में राशि जमा करने की मांग

बैरसिया इलाके के किसानों की समस्या है कि उनकी बकाया आधी ऋण राशि को उपार्जन केन्द्रों ने उनकी बेची गई फसलों के बिल से काट लिया गया है। ये कटौती नागरिक आपूर्ति निगम ने की है, लेकिन इस काटी गई राशि को किसानों के बैंक खातों में समायोजित नहीं किया गया है। जिससे किसानों पर ओवरड्यू दिखाया जा रहा है। और अब उन्हे किसान क्रेडिट कार्ड के उपयोग को रोका जा रहा है। इसलिये किसानों द्वारा बेची गई फसल से काटी गई राशि का समायोजन उनके ऋण खातों में तत्काल करने की मांग की है।