चाचा विधायक हैं हमारे, देवास में BJP विधायक के भतीजे की गुंडागर्दी, टोल प्लाजा पर जमकर किया हंगामा

आरोपी ने खुद को विधायक का भतीजा बताते हुए टोल न देने की बात कही। कर्मचारी के टोल न छोड़ने पर वह नाराज हो गया और हाथ में हॉकी स्टिक लेकर कर्मचारियों को तलाशने लगा।

Updated: Aug 10, 2025, 05:33 PM IST

देवास। 'चाचा विधायक हैं, हमारे' कॉमेडी सीरीज का मध्य प्रदेश में ओरिजिनल एपिसोड देखने को मिला। देवास जिले के हाटपीपल्या से भाजपा विधायक मनोज चौधरी के भतीजे निखिल चौधरी ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया। उसने कर्मचारियों से गालीगलौज की। हॉकी स्टिक लेकर टोल प्लाजा पर लगे बैरिकेड उठाकर फेंक दिए।

निखिल चौधरी ने खुद को विधायक का भतीजा बताते हुए कहा, 'मेरी बात सुन विधायक जी के नाम पर यहां सारी गाड़ियां निकलेंगी।' एक पुलिसकर्मी ने उसे रोकने और हाथ से हॉकी स्टिक छीनने की कोशिश की, लेकिन वह हंगामा करता रहा। इस कारण टोल पर गाड़ियों की कतार लग गई।

घटना 6 अगस्त की है, लेकिन वीडियो अब सामने आया है। निखिल, विधायक मनोज चौधरी के बड़े भाई बलराम चौधरी का बेटा है। पुलिस ने शनिवार को उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। निखिल एमबीबीएस डॉक्टर है। वह इंदौर के एक निजी अस्पताल में प्रैक्टिस करता है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को निखिल चौधरी अपने कुछ साथियों के साथ टोल प्लाजा से गुजर रहा था। इस दौरान टोल कर्मचारी ने नियमानुसार चार पहिया वाहन से शुल्क मांगा। निखिल ने खुद को विधायक का भतीजा बताते हुए टोल न देने की बात कही। कर्मचारी के टोल न छोड़ने पर वह नाराज हो गया और हाथ में हॉकी स्टिक लेकर कर्मचारियों को तलाशने लगा।

घटना के बाद भोरासा थाना पुलिस ने टोल कर्मचारी राघवेंद्र सिंह राजावत की शिकायत पर आरोपी निखिल चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरियादी ने बताया कि निखिल और उसके साथियों ने टोल शुल्क मांगने पर गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी।