मोदी को PM बनाने के लिए मांगे वोट, सीएम फेस पर चुप्पी, अमित शाह के भाषण से शिवराज खेमे में बेचैनी

राम मंदिर और धारा 370 जैसे मुद्दों पर वोट मांगते नजर आए अमित शाह, विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन में 31 बार लिया पीएम मोदी का नाम

Updated: Jul 30, 2023, 06:13 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आज सियासी दिग्गजों का जमघट लगा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी दोपहर करीब दो बजे इंदौर पहुंचे। यहां विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। खास बात ये है कि शाह इस सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से मिन्नतें करते दिखे। उन्होंने राज्य सरकार की एक भी उपलब्धि नहीं बताई बल्कि राम मंदिर और धारा 370 जैसे मुद्दों पर भाजपा को वोट देने का आह्वान किया। शाह ने अपने संबोधन में कुल 31 बार पीएम नरेंद्र मोदी का स्मरण किया।

शाह ने अपने भाषण के शुरुआत मेरे कार्यकर्ताओं... मेरे जिगर के टुकड़ों कहकर की। दरअसल, शाह पार्टी के हताश और निराश कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'मध्य प्रदेश की जनता का ह्रदय से धन्यवाद करता हूँ कि जिसने भाजपा पर कृपा करके, भाजपा की झोली वोटों से भर दी। बीजेपी को चुनाव बूथ पर बैठा कार्यकर्ता ही जीता सकता है। आज आपको यहां से संकल्प लेकर जाना है कि प्रचंड बहुमत के साथ 2023 में भाजपा की सरकार बनाना है। और 2024 में लोकसभा की एमपी की सभी 29 सीटें जीतकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

शाह का यह बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय है। दरअसल, 2024 में तो उन्होंने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की बात कही। लेकिन विधानसभा चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा की भाजपा की सरकार बनाना है। उन्होंने सीएम फेस पर चुप्पी साध ली। शाह के इस बयान से जहां शिवराज खेमे में बेचैनी है, वहीं नरोत्तम मिश्रा और वीडी शर्मा के गुट में खुशी की लहर है। महाराज गुट को भी संभावनाएं दिखने लगी हैं।

इंदौर में विधानसभा नंबर दो स्थित कनकेश्वरी गरबा मैदान पर आयोजित संभाग के बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन में शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने धारा 370 खत्म कर कश्मीर को भारत से जोड़ने का काम किया है। मोदी की सरकार आने पर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों की धज्जियां उड़ाने का काम हमारी सेना ने किया है। देवी अहिल्या बाई ने गुलामी के अवशेष को मिटाने की पहल की थी। जिसे हमारे नेता पीएम मोदी आगे बढ़ा रहे है। पीएम मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा बुलंद करने का काम किया है। वे कहीं भी जाए लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते हैं। शाह ने एक बार फिर से देवी अहिल्या बाई का जिक्र करते हुए कहा कि होलकर के बाद धार्मिक स्थलों का कायाकल्प करने का काम पीएम मोदी ने किया है। शाह ने इस पूरे संबोधन के दौरान मध्य प्रदेश के मुद्दे अथवा जनहित के मुद्दे पर बात नहीं की। बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर बोलते रहे। इतना ही नहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान भी 18 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब देने के बजाए पीएम मोदी और अमित शाह की गुणगान करते नहर आए।

सीएम चौहान ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित और समृद्ध बन गया है। आज पूरी दुनिया मोदी मोदी का मंत्र जप रही है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि लाड़ली बहनों कांग्रेस के भरोसे में मत रहना। लाड़ली बहना योजना तब तक ही है, जब तक अपनी सरकार है। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हमारे गृह मंत्री अमित शाह राजनीति के चाणक्य माने जाते हैं। धारा 370 हटाने का काम किसी ने किया तो अमित शाह ने किया। कांग्रेस फर्जी सर्वे कर 150 सीट जीतने का दावा कर रही है।