पहली बार राज्यसभा सांसद बनीं सोनिया गांधी, मध्य प्रदेश-राजस्थान की सभी सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के एक प्रत्याशी अशोक सिंह भी निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं। एमपी की चार अन्य सीटों पर भाजपा के सदस्य सांसद चुने गए हैं।

Updated: Feb 20, 2024, 06:09 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अब संसद के ऊपरी सदन में नजर आएंगी। सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा सांसद बनीं हैं। वह राजस्थान से निर्विरोध सांसद निर्वाचित हुईं हैं। राजस्थान के तीन सीट व मध्य प्रदेश के पांच राज्यसभा सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।

बीजेपी के दोनों प्रत्याशी मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया भी राज्यसभा के सदस्य बन गए हैं। घोषणा के बाद मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया ने प्रमाण पत्र प्राप्त किया। सोनिया गांधी की ओर से उनके एजेंट ने सर्टिफिकेट प्राप्त किया। सोनिया गांधी ने 14 फरवरी को नामांकन जमा किया था। सोनिया गांधी के राज्यसभा सांसद बनने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि इससे राजस्थान में कांग्रेस मजबूत होगी। हम राजस्थान के मुद्दे सोनिया गांधी को बताएंगे। वे राज्यसभा में उन्हें प्रमुखता से उठाएंगी।

इधर मध्यप्रदेश के भी सभी पांचों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। इनमें चार भाजपा बल्कि एक कांग्रेस के हैं। भाजपा से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री एल मुरुगन, उमेशनाथ महाराज, बंसीलाल गुर्जर और माया नारोलिया राज्यसभा सांसद चुने गए हैं। वहीं कांग्रेस के एक प्रत्याशी अशोक सिंह भी निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं। अशोक सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष भी हैं और उन्हें दिग्विजय सिंह का करीबी माना जाता है।

राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय तय था। किसी ने नाम वापस नहीं लिया। जिसके बाद दोनों ही दलों के प्रत्याशियों को निर्विरोध चुन लिया गया।