मध्य प्रदेश में बजा चुनावी बिगुल, 17 नवंबर को मतदान, 3 दिसंबर को आएंगे नतीजे

निर्वाचन आयोग ने बताया कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव एक चरण में होंगे और मतदान के बाद मतगणना और रिजल्ट की एनाउंसमेंट 3 दिसंबर को किया जाएगा।

Updated: Oct 09, 2023, 01:07 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि प्रदेश की सभी 230 सीटों पर एक ही फेज में 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इसके 16 दिन बाद 3 दिसंबर को नतीजे आएंगे। यानी दिवाली के 5 दिन बाद प्रदेश में मतदान होगा। 

मध्य प्रदेश में चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही प्रदेश में चुनावी आचार संहिता लागू हो गई है। 21 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। वहीं, 30 अक्टूबर तक उम्मीदवार नामांकन कर सकेंगे। नामांकन की जांच 31 अक्टूबर को होगी। वहीं, 2 नवंबर नाम वापसी की आखिरी तारीख है।

वर्तमान में 230 विधानसभा सीटों में बीजेपी के पास प्रदेश में 127 सीटें तो कांग्रेस के पास 96 सीट हैं। इसके अलावा BSP के दो विधायक, चार निर्दलीय और एक सीट पर समाजवादी पार्टी काबिज है। कांग्रेस की कोशिश है कि इस बार अपने ही बल बूते पर प्रदेश में बड़ी बहुत के साथ सरकार बनाई जाए। किसी अन्य दल या फिर किसी निर्दलीय विधायक का सहारा न लेना पड़े, ताकि भविष्य में खरीद फरोख्त की संभावना न हो। यही कारण है कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ मैदान में नजर आ रही है।

बता दें कि साल 2018 में मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को सभी 230 सीटों पर वोटिंग हुई थी। वहीं रिजल्ट 11 दिसंबर को एनाउंस किया गया था। चुनाव रिजल्ट में कांग्रेस को भाजपा से पांच सीटें ज्यादा मिली थीं। कांग्रेस के पास 114 सीटें थी वहीं BJP के खाते में 109 सीटें आई थीं। बसपा को दो और सपा को एक सीट पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने गठजोड़ करके बहुमत का 116 का आंकड़ा पा लिया और कमलनाथ राज्य के मुख्यमंत्री बने। हालांकि, सिंधिया के बगावत के बाद कांग्रेस सरकार 15 महीने में गिर गई थी।