MP में PWD का टाइमकीपर निकला करोड़पति, काली कमाई का स्रोत ढूंढने में जुटी EOW

PWD में बतौर टाइमकीपर पदस्थ हैं पन्नालाल शुक्ला, आय से अधिक मामले में ईओडब्ल्यू की छापेमारी, चार गाड़ियां और नौ संपत्तियों के रिकॉर्ड मिले

Updated: Jan 23, 2022, 04:20 PM IST

रीवा। मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने पीडब्ल्यूडी के एक टाइम कीपर के घर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति के घर करोडों रुपए संपत्ति का खुलासा हुआ है। जांच के दौरान उसके पास करोड़ों रुपए की संपत्ति के दस्तावेज निकल चुके हैं। साथ ही चार गाड़ियां, नौ संपत्तियों और 8 से 10 बैंक खातों के रिकॉर्ड भी मिले हैं। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक EOW की 40 सदस्यीय टीम रविवार सुबह 5 बजे पीडब्ल्यूडी के 61 वर्षीय टाइम कीपर पन्नालाल शुक्ला के घर माढ़ा रघुवर गांव में छापा मारा। उस वक्त शुक्ला का पूरा परिवार सोया हुआ था। ईओडब्ल्यू को देखते ही परिवार के सभी लोगों की नींद उड़ गई। अधिकारियों ने पहले सभी लोगों को एक जगह एकत्रित किया और उनके मोबाइल जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी।

जांच के दौरान चार वाहनों के दस्तावेज, कई स्थायी संपत्ति के कागजात, नौ जमीनों की रजिस्ट्री मिली है। ये रजिस्ट्री पति, बेटे, बहू और कुछ अन्य लोगो के नाम पर है। आरोपी के पास 3600 वर्ग फीट का मकान है जो दो फ्लोर का है। छापे में मकान देख अधिकारी भी दंग रह गए. पन्नालाल के 8 बैंक खाते हैं और इन खातों में 11 लाख के करीब की पॉलिसी बरामद हुई है।

जानकारी के मुताबिक पन्नालाल शुक्ला ने 35 साल लोक निर्माण विभाग को अपनी सेवाएं दी हैं। उनकी 1 साल की नौकरी और बची है। उनका मासिक वेतन करीब 40 हजार रुपए है और उनकी अबतक कि कमाई 40 लाख रुपए आंकी गयी है। जबकि उनके पास डेढ़ करोड़ से अधिक रुपए की संपत्तियों का अबतक खुलासा हुआ है। 

EOW के निरीक्षक प्रवीण चतुर्वेदी ने मामले पर कहा है कि, 'टाइम कीपर पन्नालाल शुक्ला के भ्रष्टाचार की शिकायतें EOW को लगातार प्राप्त हो रही थी। इसी आधार पर उसके ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसमें अथाह संपत्तियों का पता चला और कागजात बरामद हुए है। हमारी कार्रवाई अब भी जारी है। एक छोटे कर्मचारी की करोड़ों के दौलत समझ से परे है। हम मामले की निष्पक्ष जांच करेंगे।'