NCERT ने तैयार किया विवादास्पद मॉड्यूल, देश के विभाजन के लिए जिन्ना और कांग्रेस को बताया जिम्मेदार

किताब में कहा गया है कि जिन्ना ने पाकिस्तान बनाने की बात कही थी, जिन्ना की मांग के आगे कांग्रेस झुक गई और देश का बंटवारा हुआ।

Updated: Aug 16, 2025, 06:00 PM IST

नई दिल्ली। NCERT अपने सिलेबस को लेकर एक बार फिर विवादों में है। अब NCERT की तरफ से एक विवादास्पद मॉड्यूल तैयार किया गया है। इसमें देश के विभाजन के लिए जिन्ना और माउंटबेटन के साथ कांग्रेस को भी जिम्मेदार बताया गया है। इस किताब का टाइटल 'विभाजन के दोषी' दिया गया है। साथ ही कहा गया है कि विभाजन के दर्द को भुलाया नहीं जा सकता है। इस किताब को लेकर अब सियासत गर्म हो गई है और कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।

दरअसल, NCERT ने कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 के लिए भारत-PAK बंटवारे पर 2 नए मॉड्यूल जारी किए हैं। ये सामान्य किताबों से अलग हैं। इसमें लिखा है कि बंटवारे की मांग मोहम्मद अली जिन्ना ने की, कांग्रेस ने इसे मान लिया और लॉर्ड माउंटबेटन ने इसे लागू किया। यह जानकारी "विभाजन के दोषी" नामक हिस्से में दी गई है।

इसको लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग की जुगलबंदी से बंटवारा हुआ है। उन्होंने कहा, 'इतिहास का कोई सबसे बड़ा विलेन है तो RSS है। उन्होंने जो किया है, पीढ़ियां उनको माफ नहीं करेंगी। RSS ने उस वक्त के 25 साल मुख बंदी और जुगलबंदी करते हुए गुजारे। आडवाणी जिन्ना की मजार पर सजदा करने गए थे।'

आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि इतिहास किसी की सोच से नहीं बदलता, उसका पूरा संदर्भ होता है। ये लोग गांधी को भी दोषी ठहराते हैं, कांग्रेस को नहीं। यही इनकी सोच है। भाजपा को नफरत की भाषा ही आती है और ये नफरत के बीज बोने में माहिर हैं। लेकिन अब ये फसल हमारे देश में नहीं उगने वाली।