MP Weather: मावठे ने मध्य प्रदेश में बढ़ाई ठंडक, भोपाल इंदौर समेत तीन दर्जन जिलों में बारिश का अलर्ट

प्रदेश में ग्वालियर सबसे ठंडा है। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री रहा। कुल 13 जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम रहा।

Updated: Jan 05, 2024, 11:46 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में कंपकपाने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश में लगातार ठंड बढ़ रही है। आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में सुबह चार बजे से करीब पौन घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के साथ ही कोहरा भी छाया हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक करीब तीन दर्जन जिलों में आज मानसून जैसी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, ग्वालियर समेत आधे प्रदेश में मध्यम से घना कोहरा रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों ने अगले तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा मौसम है। यानी तीन दिन तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। प्रदेश में ग्वालियर सबसे ठंडा है। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री रहा। बड़े शहरों की बात करें, तो भोपाल में 16.7 डिग्री, इंदौर में 19.6 डिग्री, जबलपुर में 23.6 डिग्री और उज्जैन में तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया।

गुरुवार को खजुराहो में अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री, सागर में 16.6 डिग्री, दमोह में 17.6 डिग्री, सतना में 17.8 डिग्री, रायसेन में 17.8 डिग्री, गुना में 18.4 डिग्री, रीवा में 19.2 डिग्री और पचमढ़ी में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह कुल 13 जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम रहा। सबसे अधिक तापमान खरगोन में 26.8 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने भोपाल, शहडोल, सागर संभाग के साथ डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा, उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर, नीमच, इंदौर, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर आदि जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, ग्वालियर, चंबल संभाग के साथ सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, भोपाल, सीहोर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीमच आदि जिलों में कोहरा रहेगा। यहां विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक रहने का अनुमान है।