मीडिया शिक्षक पुष्पेन्द्र पाल सिंह नहीं रहे, हार्ट अटैक से निधन

पुष्पेंद्र पाल सिंह माध्यम में रोजगार और निर्माण के प्रधान संपादक व पब्लिक रिलेशन सोसायटी ऑफ इंडिया भोपाल चैप्टर के अध्यक्ष भी थे।

Updated: Mar 07, 2023, 09:59 AM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया शिक्षक पुष्पेन्द्र पाल सिंह का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई। पुष्पेंद्र पाल सिंह के निधन से मीडिया जगत में शोक की लहर है।

पुष्पेन्द्र पाल सिंह के सहयोगियों ने बताया कि देर रात उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार दोपहर 12:00 बजे के बाद भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुष्पेंद्र पाल सिंह राजधानी स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के प्राध्यापक रह चुके हैं वहीं वर्तमान में वह 'रोज़गार और निर्माण' अख़बार के संपादक थे। 

पुष्पेंद्र पाल सिंह पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया के मध्य प्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष भी थे। वे अपने छात्रों के बीच 'पी.पी. सर' के नाम से मशहूर थे। मीडिया स्टूडेंट्स को उन्होंने पढ़ाई के अलावा उपयुक्त रोज़गार पाने में बहुत मदद की। साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से भी उनका गहरा लगाव था।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुष्पेंद्र पाल सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सीएम चौहान ने ट्वीट किया, "हिंदी पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति। पुष्पेंद्र पाल सिंह जी मेरे लिए एक मित्र और परिवार की तरह थे, उनका असमय जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है। एक योग्य, सरल और कर्मठ व्यक्तित्व, जिन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई, उसे उत्कृष्टता के साथ उन्होंने पूरा किया। पुष्पेंद्र पाल सिंह जी अपने आप में पत्रकारिता का एक संस्थान थे, उन्होंने प्रदेश और प्रदेश के बाहर पत्रकारिता के अनेकों विद्यार्थी गढ़े।"

सीएम चौहान ने आगे लिखा, "विद्यार्थियों के बीच ''पीपी सर'' के नाम से प्रसिद्ध एक योग्य गुरु का जाना स्तब्ध कर गया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत श्री पुष्पेंद्र पाल सिंह जी को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वे अपने कार्यों और विचारों के माध्यम से सदैव हम सबके हृदय में रहेंगे।"