सिंधिया अब क्यों नहीं सड़क पर उतर रहे, अतिथि शिक्षकों की भर्ती हो गई क्या: दिग्विजय सिंह

भाजपा सरकार ने 29 हजार 281 स्कूल बंद कर दिए। वे बच्चे अब कहां जाएंगे। ये गरीब और शिक्षा विरोधी निर्णय है। केंद्र का आंकड़ा है कि प्रदेश में एक लाख 21 हजार स्कूल थे जो अब 92 हजार रह गई है: पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह

Updated: Apr 20, 2023, 05:04 PM IST

शाजापुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह गुरुवार को शाजापुर पहुंचे। शाजापुर जिले के शुजालपुर में उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की और तमाम मुद्दों पर अपनी बातें रखी। सिंह ने इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए पूछा कि वे अब क्यों नहीं सड़कों पर उतरते? अतिथि शिक्षकों की भर्ती हो गई क्या?

प्रेस को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, 'शुजालपुर अकोदिया मंडी ही मालवा के किसानों के लिए व्यवसाय का हमेशा से केंद्र रहा है। पीएम मोदी ने कहा था 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करेंगे। लेकिन लागत बढ़ गई। डीजल और खाद महंगे हो गए। उपज का भाव नहीं बढ़ पाया। देश में लगभग 9 साल में बड़े बड़े उद्योगपतियों का 12 लाख करोड़ रुपए कर्ज माफ हुआ है। किसानों का एक चवन्नी माफ नहीं हुआ है। ये सरकारी आंकड़े हैं। बीजेपी के तत्कालीन अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने 2008 में कहा था हम 50 हजार किसानों का माफ करेंगे। भाजपा के घोषणापत्र में भी था। लेकिन एक पैसा भी भाजपा सरकार ने माफ नहीं किया।'

यह भी पढ़ें: बीजेपी ने मध्य प्रदेश को अंदर से खोखला कर दिया, बीना में शिवराज सरकार पर बरसे कमलनाथ

सिंह ने आगे कहा, 'हमने 2018 में कर्जमाफी का वादा किया था। तब सिंधिया भी हमारे साथ थे। सरकार बनते ही मुख्यमंत्री ने पहला आदेश कर्जमाफी का दिया था। पहली बार मध्य प्रदेश सरकार ने आरबीआई के साथ सेटलमेंट कराया। शिवराज सिंह चौहान के परिजनों के भी कर्ज माफ हुए हैं। लेकिन कुछ भ्रष्ट कांग्रेसी बिकाऊ विधायक चले गए, जो गए उनमें गरीब परिवार के विधायक नहीं थे, बड़े बड़े जमींदार राजा महाराज बिक गए। सिंधिया नाराज होकर गए थे की वादे पूरे नहीं हुए। लेकिन जाने के हफ्तेभर पहले वे करेरा में कर्जमागी के सर्टिफिकेट बांट रहे थे।'

सिंह ने आगे कहा, 'आज सिंधिया मंत्री बन गए तो किसान कर्जमाफी और अतिथि शिक्षकों की बात क्यों नहीं कर रहे? सिंधिया ने कहा था सड़कों पर उतरूंगा। आज उतरें न सड़कों पर। अतिथि शिक्षकों की भर्ती हो गई क्या, किसानों का कर्ज माफ हो गया? भाजपा की खरीदी हुई सरकार में कर्जमाफी योजना बंद, बिजली बिल 100 रुपए में 100 यूनिट मिलना बंद, गौशाला में चारे की रकम घटाकर 20 से 2 रुपए कर दिया।'

यह भी पढ़ें: हम अपने कार्यकर्ताओं के लिए जिला कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लडेंगे, सीहोर में बोले दिग्विजय सिंह

पूर्व सीएम ने कहा, 'हमने हर एक किलोमीटर पर शासकीय शालाएं खोल दी थीं। तीन किमी पर माध्यमिक और पांच किमी तक हाई स्कूल खोली थी। लेकिन शिवराज सरकार ने 29 हजार 281 स्कूल बंद कर दिए। वे बच्चे अब कहां जाएंगे। उन्हें निजी स्कूलों में फीस देना होगा। ये गरीब और शिक्षा विरोधी निर्णय है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पहले एक लाख 21 हजार स्कूल थी जो अब 92 हजार रह गई। शासकीय स्कूलों ने शिक्षकों की भी भारी कमी है। बैकलॉग के सवा लाख पद खाली हैं। बावजूद भर्ती नहीं की जा रही है।'

कांग्रेस की वापसी के सवाल पर सिंह ने कहा, 'मैने 2018 में भी कहा था कि हमारी सरकार बनेगी और सरकार बनी। मैं फिर से कहता हूं हम अच्छे बहुमत से 2023 में सरकार बनाएंगे और कमलनाथ जी को मुख्यमंत्र बनाएंगे। बीजेपी में सीएम पद के कई दावेदार हैं। कांग्रेस में गुटबाजी है ही नहीं, एक ही दावेदार है हमारा।' उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही जो अतिथि शिक्षक काफी समय से सेवा दे रहे हैं, उनकी भर्ती के लिए नीति बनाई जाएगी।