मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का 62वां जन्मदिन, पीएम मोदी, अमित शाह ने दी बधाई

जन्मदिन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बेल पत्र का पौधा रोपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीडी शर्मा समेत बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गजों ने दी जन्मदिन की बधाई, स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की,

Updated: Mar 05, 2021, 09:23 AM IST

Photo courtesy: twitter
Photo courtesy: twitter

भोपाल। आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का 62वां जन्मदिन है। इस मौके पर उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मध्यप्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन, मंत्री पीयूष गोयल, बीजेपी प्रदेशअध्यक्ष वीडी शर्मा, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सोशल मीडिया पर जन्मदिन की बधाई दी है। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी जन्मदिन की बधाई दी।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें ऊर्जावान नेता कहते हुए लिखा है कि उनके नेतृत्व से मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है।

 

 गृहमंत्री अमित शाह ने जन्मदिन की शुभकामना देते हुए लिखा है कि आप ऐसे ही निष्ठा और समर्पण से जनता के कल्याण के लिए कार्य करते रहें।

 

 ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवराज सिंह चौहान को मध्यप्रदेश के विकास के पुरोधा कहा है। उन्होंने ट्वीट किया है कि उनके सक्षम नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान रचे।

 

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सीएम शिवराज सिंह के सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की है।

जाने माने एक्टर और लेखक आशुतोष राणा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को जन्मदिन पर बधाई दी है।

अपने जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी निवास पर बेलपत्र का पौधा रोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की अपील करते हुए कहा है कि फूल-माला से उनका स्वागत करने के जगह एक पौधा लगाएं। ताकि पर्यावरण सुरक्षित रहे और धरती हरी भरी रह सके। उन्होंने कहा कि शुभ अवसर को यादगार बनाने के लिए पौधा लगाने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ मध्यप्रदेश बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री विजय शाह, मंत्री प्रभु राम चौधरी, हितानंद और लोकेंद्र पाराशर मौजूद थे। सभी ने इस मौके पर मुख्यमंत्री को पौधा देकर जन्मदिन की बधाई दी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से अपील की है उनके जन्मदिन पर कोई व्यक्ति फूल माला और गुलदस्ता भेंट ना करे। मंत्री कमल पटेल, बृजेंद्र प्रताप सिंह, विश्वास सारंग ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए उनके पौधा लगाने की पहल की तारीफ की है।

जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने एक पत्र लिखा है, उन्होंने लिखा है किपेड़ों की अंधाधुंध कटाई के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। पृथ्वी का तापमान बढ़ता रहा है और माना जा रहा है कि 2050 तक ये तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़ जायेगा और तब स्थितियां भविष्य के लिए ऐसी बनेंगी कि धरती पर मानव और जीव-जंतुओं का अस्तित्व ही एक समय संकट में पड़ जायेगा। अपने जन्मदिन पर उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील की है।