कांग्रेस नेता पुष्पराज पटेल की जमानत की अर्ज़ी ख़ारिज, किसानों के दमन का विरोध करने के दौरान गिरफ़्तारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस के सचिव पुष्पराज पटेल ने बिजली विभाग की कुर्की-जब्ती के दौरान किसानों की गिरफ्तारी का किया विरोध, महिला अधिकारी ने लगाया एससी/एसटी एक्ट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Updated: Mar 06, 2021, 08:21 AM IST

होशंगाबाद। मध्य प्रदेश कांग्रेस के सचिव पुष्पराज पटेल को आज जमानत नहीं मिल सकी। पटेल को मध्य प्रदेश  के बिजली विभाग की तरफ से किसानों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का विरोध करने पर गिरफ्तार किया गया है। हालांकि बिजली विभाग की एक महिला अधिकारी की शिकायत पर पुष्पराज पटेल के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी लगा दी गई हैं। पटेल की जमानत की अर्जी खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी नाराज़गी है। वे पटेल को रिहा करने की मांग कर रहे हैं।

दरअसल, मध्य प्रदेश में बिजली विभाग की कार्रवाई के दौरान पिपरिया के मोकलवाड़ा में दो किसानों लक्ष्मण सिंह गुर्जर और कन्हैया लाल गुर्जर को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिलने पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था। पीपल चौक पर हुए इस प्रदर्शन में राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ और संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी भी शामिल थे।

इस प्रदर्शन के दौरान पुष्पराज पटेल ने बिजली कंपनी पर बकाया बिल की वसूली के नाम पर सरेआम गुंडागर्दी किए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रशासन को किसानों के प्रति अमानवीय रवैये को बदलने की हिदायत भी दी थी। इस प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। 

प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग की एक महिला कर्मचारी ने पुष्पराज पटेल पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत शिकायत दर्ज करा दी। बिजली विभाग की डीई पूनम तुमराम की इस शिकायत  पर पुलिस ने सरकारी अधिकारी के साथ अभद्रता करने की धारा 189, धमकी देने की धारा 506,509 के साथ ही एससी/एसटी के तहत केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

जिला न्यायालय ने गिरफ्तारी के बाद पटेल को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले को पुलिस प्रशासन की तानाशाही करार देते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता को झूठे मुकदमों में फंसाकर साजिश के तहत उनकी गिरफ्तारी की गई है। कांग्रेस नेताओं ने पटेल की रिहाई को लेकर कई आला अधिकारियों को ज्ञापन दिया है। इस बीच पुष्पराज पटेल के समर्थक जिले में जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस घटना की जानकारी दी है।