मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान आज, EVM में कैद होगी 2533 प्रत्याशियों की किस्मत

MP की 230 विधानसभा सीटों के लिए 2,533 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें 2,280 पुरुष और 252 महिला हैं। एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर का है। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि, बसपा ने 181, सपा ने 71 और आम आदमी पार्टी ने 66 उम्मीदवार उतारे हैं।

Updated: Nov 17, 2023, 06:33 AM IST

Representative Image
Representative Image

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने में महज कुछ मिनट ही शेष हैं। शुक्रवार सुबह 7 बजे प्रदेश की सभी 230 सीटों पर मतदान शुरू होगी। प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 2,533 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें 2,280 पुरुष और 252 महिला हैं। एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर का है। 

मध्य प्रदेश की कुल 230 में से 148 विधानसभा सामान्य हैं। जबकि 35 अनुसचित जाति और 47 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि, बसपा ने 181, सपा ने 71 और आम आदमी पार्टी ने 66 उम्मीदवार उतारे हैं। प्रदेश में कुल वोटर्स की संख्या 5,60,60,925 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2,88,25,607 जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 2,72,33,945 है। जबकि थर्ड जेंडर के 1,373 वोटर्स हैं।

प्रदेशभर में अधिकांश मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जबकि बालाघाट जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र बैहर, लांजी और परसवाड़ा में दोपहर तीन बजे तक भी वोटिंग होगी। इसके अलावा मंडला जिले में 55 और डिंडोरी जिले में 40 बूथों को संवेदनशील कैटेगरी के रखा गया है। यहां भी मतदान तीन बजे तक संपन्न हो जाएगा।

चुनाव आयोग ने वोटिंग के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। सभी 64626 मतदान दल अपनी सामग्री एवं EVM, VVPAT के साथ मतदान केन्द्र पर रवाना हो गए। इनमें से अभी तक लगभग अधिकांश मतदान केन्द्रों पर पहुँच गए हैं। शेष दल अपने मतदान केन्द्र पर शीघ्र पहुंच जायेंगे। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर आयोग द्वारा निर्धारित समस्त आधारभूत न्यूनतम सुविधाएं जैसे- रैम्प व्यवस्था, पेयजल, फर्नीचर, मेडिकल किट, विद्युत व्यवस्था, हेल्प डेस्क, साईनेज (संकेतक) टायलेट, छाया की व्यवस्था वालियेन्टर्स, शिशुगृह की व्यवस्था, दिव्यांगों के लिए वाहन व्यवस्था, पंक्ति की व्यवस्था ( Queue Management ) एवं मतदाता सुगमता पोस्टर आदि समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है।

मतदान हेतु आवश्यक दस्तावेज:

वोटिंग के लिए मतदाता वोटर आईडी कार्ड न होने की स्थिति में भी इन विभिन्न आईडी कार्ड के माध्यम से वोट डाल सकते हैं। इनमें से कोई एक दस्तावेज ले जाना अनिवार्य होगा।
1. आधार कार्ड
2. मनरेगा जॉब कार्ड
3. ड्राइविंग लाइसेंस
4. पैन कार्ड
5. भारतीय पासपोर्ट,
6. फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज
7. केन्द्र / राज्य सरकार / लोक उपक्रम / पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटो युक्त सेवा पहचान पत्र ।
8. बैंकों/ डाकघरों द्वारा जारी फोटो युक्त पासबुक,
9. एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड
10. श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थय बीमा स्मार्ट कार्ड
11. सांसदों / विधायकों विधानपरिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र 
12. भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी कार्ड का उपयोग कर सकते हैं।