द्रौपदी की तरह हो रही बीजेपी की दुर्दशा, 5-5 प्रभारी भी संगठन को नहीं संभाल पा रहे: पूर्व भाजपा सांसद

वरिष्ठ भाजपा नेता रघुनंदन शर्मा के ने बीजेपी की द्रौपदी से तुलना करते हुए कहा कि संगठन प्राथमिकताएं निर्धारित नहीं कर पा रहा है।

Updated: May 06, 2023, 12:15 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्ट इन दिनों अपनों के बगावती तेवरों से परेशान है। पूर्व सीएम और भाजपा के संस्थापक सदस्य रहे कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी के भाजपा छोड़ने के ऐलान के बाद पुराने भाजपाई इन दिनों संगठन और सत्ता पर ही हमलावर हैं। पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा ने भी प्रदेश में भाजपा के प्रभारियों पर हमला बोला है। रघुनंदन शर्मा ने भाजपा के पांच प्रभारियों का नाम लिए बिना पार्टी की तुलना द्रौपदी से की।

रघुनंदन शर्मा ने कहा, 'सुना है कि मध्य प्रदेश में 5-5 प्रभारी हैं। पांच पतियों वाली द्रोपदी की जैसी दुर्दशा हुई, वैसा यहां हो रहा है। यह पांच प्रभारी भी प्रभावशाली ढंग से संगठन चला रहे हों, ऐसा दिखता नहीं। इसके कारण कहीं न कहीं संवाद हीनता की स्थिति पैदा हो रही है। संवाद हीनता हमेशा नुकसान पहुंचाती है। इसी के कारण हम चुनाव हारते हैं।'

रघुनंदन शर्मा ने कहा, 'सचमुच में कहीं न कहीं संगठन को जिस काम को प्राथमिकता देना चाहिए। संगठन प्राथमिकताएं निर्धारित नहीं कर पा रहा है। सरकार में बैठे लोगों को भी कार्यकर्ताओं के कामों को कितनी जितनी गंभीरता से लेना चाहिए उतनी, गंभीरता से नहीं ले रहे। उसका नुकसान हो रहा है। इस नुकसान को कोई समझ नहीं पा रहा। जहां तक हाईकमान की बात है, तो हाईकमान शब्द तो अब कहीं बचा ही नहीं है। पार्टी में कोई हाईकमान है ही नहीं। पहले कुशाभाऊ ठाकरे या प्यारेलाल खंडेलवाल ऐसे व्यक्ति रहा करते थे। जो अंतिम निर्णय लेते थे।'

बता दें कि वर्तमान में मुरलीधर राव भाजपा के प्रभारी हैं। वहीं, अजय जामवाल क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, शिवप्रकाश राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री हैं। इसके अलावा पंकजा मुंडे और रमाशंकर कठेरिया सहप्रभारी हैं।