MP: SIR फार्म भरने आया हिस्ट्रीशीटर तलवार सिंह गिरफ्तार, दो राज्यों में 100 से अधिक मामले हैं दर्ज
इंदौर पुलिस ने बताया कि इस कुख्यात बदमाश पर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं जिनमें चोरी के साथ ही हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
इंदौर। मध्य प्रदेश में जारी मतदाता सूची पुनरीक्षण के बीच एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां SIR फॉर्म भरने आए एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पुलिस ने पकड़ा है। दो राज्यों में 100 से अधिक मामलों के वांछित अपराधी तलवार सिंह एसआईआर के लिए अपने माता-पिता की जानकारी लेने महाराष्ट्र के अकोला से इंदौर आया था। लेकिन यहां वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
इंदौर जोन-3 के डीसीपी राजेश व्यास ने अब्दुल रशीद उर्फ तलवार सिंह की गिरफ्तारी पर कहा कि पलासिया थाना पुलिस ने आरोपी से 7 लाख 50 हजार रुपए का चोरी का माल बरामद किया है। इसमें सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपए की कीमत की चोरी की बाइक शामिल है। अब्दुल पर इंदौर और महाराष्ट्र में चोरी, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे 100 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 2006 में चोरी में पकड़े जाने के बाद वह अकोला भाग गया था। वहीं रहने लगा और वारदातें करने लगा। 10 दिन पहले वह एसआईआर का फॉर्म भरने इंदौर आया तो यहां भी उसने एक बाइक चुराई। फिर गीतानगर में हॉस्टल संचालिका के फ्लैट में घुस गया। वहां से 10 लाख रुपए के गहने चुराए और चोरी की बाइक से ही अकोला भाग गया।
पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर शिकंजा कसने के लिए विशेष प्लानिंग बनाई थी। 800 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले गए, मुखबिरों को सक्रिय किया गया और कई दिनों की निगरानी के बाद आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस की पकड़ में आने के बाद बदमाश ने कबूला कि वह फॉर्म भरने इंदौर आया था। तभी उसने चोरी की योजना भी बना ली। पहले उसने तिलक नगर से एक बाइक चुराई। इसके बाद पलासिया इलाके की मल्टियों के आसपास घूमता रहा। यहां से गीतानगर के गायत्री अपार्टमेंट पहुंचा। यहां सूना फ्लैट दिखा तो ताला तोड़कर घुस गया। यहां लाखों के जेवर और नकदी मिली। फिर बहन के घर पहुंचा और एक दिन रुका। अगले दिन उसी बाइक से अकोला भाग गया।




