MP Elections 2023: नामांकन भरने का आखिरी दिन आज, सीएम शिवराज दोपहर दो बजे भरेंगे पर्चा

अब तक प्रदेश भर मे कुल 1548 नामांकन दाखिल हुए हैं। नामांकन फॉर्म की स्क्रूटनी 31 अक्टूबर को की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 2 नवंबर है।

Updated: Oct 30, 2023, 09:52 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव नामांकन भरने के लिए आज आखिरी दिन है। उम्मीदवार दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। अंतिम दिन होने के कारण आज सबसे अधिक नामांकन भरे जाने की उम्मीद है। सीएम शिवराज सिंह चौहान भी आज दोपहर दो बजे बुधनी विधानसभा से पर्चा दाखिल करेंगे।

नामांकन दाखिल करने से पहले सीएम चौहान परिवार के साथ पैतृक गांव जैत पहुंचेंगे। इसके बाद सलकनपुर में देवी दरबार माथा, टेकेंगे। सीएम शिवराज शाम 4 बजे सिवनी मालवा और शाम 5:30 बजे सोहागपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने उनके सामने टीवी कलाकार विक्रम मस्ताल को उतारा है।

यह भी पढ़ें: MP Elections 2023: कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की अमित शाह की शिकायत, अधिकारियों को धमकाने का आरोप

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दतिया दौरे पर हैं। सिंह यहां कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती के नामांकन में शामिल होने पहुंचे हैं। यहां गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भाजपा के प्रत्याशी है। साल 2018 के चुनाव में भारती महज ढाई हजार वोट के अंतर से हार गए थे। इस बार कांग्रेस को दतिया विधानसभा से जीत की उम्मीद है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक प्रदेश भर मे कुल 1548 नामांकन दाखिल हुए हैं। नामांकन फॉर्म की स्क्रूटनी 31 अक्टूबर को की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 2 नवंबर है। इसके बाद पूरे प्रदेश में 17 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा। मतगणना 3 दिसंबर को होगी।