MP Elections: भाजपा का तीन दिवसीय शक्ति सम्मेलन का आगाज आज, 12 हजार से अधिक केंद्रों पर होगा आयोजन

MP Assembly Elections 2023: नवदुर्गा उत्सव के बीच बीजेपी प्रदेशभर में शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। तीन से पांच बूथ को मिलाकर एक शक्ति केंद्र बनाया गया है।

Updated: Oct 17, 2023, 09:47 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी नवदुर्गा उत्सव के बीच प्रदेशभर में शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। मंगलवार को इस तीन दिवसीय शक्ति सम्मेलन का आगाज किया जाएगा। 17 से 19 अक्टूबर के बीच होने जा रहे शक्ति सम्मेलनों में बूथ स्तर के कार्यकर्ता, बूथ समिति और पन्ना प्रमुख एक जगह जमा होंगे।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि प्रदेशभर में 12 हजार शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर शक्ति सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा।
तीन से पांच बूथ को मिलाकर एक शक्ति केंद्र बनाया गया है। सम्मेलन की शुरुआत 17 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे होगी। सभी मंडलों में सम्मेलन कर भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ विजय प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी। इनमें सरपंच से लेकर पार्षद, जनपद और जिला पंचायत सदस्यों और पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में हारे प्रत्याशियों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें: राजस्थान के बाद MP-CG में भी चुनाव तारिख बदलने की मांग, कांग्रेस ने छठ पर्व के दिन वोटिंग पर उठाए सवाल

शक्ति सम्मेलन में मध्य प्रदेश में प्रत्येक बूथ विजय के संकल्प की प्रतिज्ञा ली जाएगी। यहां केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, सीएम शिवराज सिंह चौहान सहित सभी बड़े नेता और बीजेपी बूथों के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में बूथ विजय के संकल्प को लेकर रणनीति बनाई जाएगी और कार्यकर्ताओं को ‘संपदा कार्ड’ भी दिया जाएगा।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना के पावन पर्व पर आयोजित इस शक्ति सम्मेलन में बूथ विजय के संकल्प की प्रतिज्ञा लेंगे। इस महाअभियान में रणनीति बनाने के साथ बीजेपी कार्यकर्ताओं को ‘सम्मान पहचान और दायित्व’ का संपदा कार्ड भी दिया जाएगा।