MP: सपा ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, चार सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान
मध्य प्रदेश में बसपा और BJP के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने चार विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश के चुनावी माहौल में राजनीतिक दल अब चुनाव की तारीखों का ऐलान हुए बिना ही एक के बाद एक प्रत्याशियों की लिस्ट जारी करने लगे हैं। सबसे पहले तो बसपा ने 7 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। उसके बाद बीजेपी ने 39 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर सभी को चौंकाया। अब इस रेस में समाजवादी पार्टी के मुखिया ने मध्य प्रदेश के चार विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।
सपा की ओर से जारी की गई लिस्ट में मेहगांव विधानसभा क्षेत्र से ब्रज किशोर सिंह गुर्जर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। बता दें कि ब्रज किशोर सिंह गुर्जर मूल रूप से मेहगांव क्षेत्र के ही गिर्जुरा गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह गोरमी क्षेत्र में रहते हैं। उनके पिता नरेश सिंह विधानसभा चुजाव में 1993 में बसपा से विधायक चुने गये थे।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश में होने वाले सामान्य निर्वाचन के लिए निम्नलिखित प्रत्याशियों की सूची घोषित की जाती है। pic.twitter.com/KC0kIuOwit
— Samajwadi Party Madhya Pradesh (@MPSamajwadi) August 23, 2023
इस लिस्ट के मुताबिक, निवाड़ी विधानसभा सीट (46) से पूर्व विधायक मीरा दीपक यादव, छतरपुर के राजनगर (50) से बृजगोपाल पटेल उर्फ बबलू पटेल, दतिया की भांडेर (21) विधानसभा सीट से रिटायर्ड जिला जज आरडी राहुल (अहिरवार) को को प्रत्याशी बनाया गया है।
निवाड़ी विधानसभा से समाजवादी पार्टी की ओर से मीरा दीपक 2008 से 2013 तक एक पंचवर्षीय पूर्व में इस विधानसभा से विधायक रह चुकी है, तब क़रीब 14 हज़ार वोटों से जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी ने अपने अधिकृत प्रत्याशी मीरा दीपक यादव को निवाड़ी विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया है। उनके पति दीप नारायण यादव उत्तर प्रदेश की गरौठा से विधायक रह चुके हैं और अखिलेश यादव के बेहद करीबियों में से एक हैं।