MP: वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर से पत्थरबाजी, 5 कोच के 30 खिड़कियां क्षतिग्रस्त

वंदे भारत एक्सप्रेस को पिछले एक हफ्ते से लगातार निशाना बनाया जा रहा था, पत्थरबाजी की घटना को देखते हुए रेल मंत्रालय ने जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है।

Updated: Jun 11, 2023, 10:57 AM IST

भोपाल। वंदे भारत एक्सप्रेस में पत्थरबाजी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शरारती तत्वों ने मध्य प्रदेश के भोपाल में इस प्रीमियम एक्सप्रेस ट्रेन को अपना निशाना बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस पर यह पत्थरबाजी हफ्ते भर से हो रही है। पत्थरबाजी की इस वारदात से वंदे भारत एक्सप्रेस को नुकसान पहुंचा हैं। ट्रेन के पांच कोच के 30 खिड़कियों के कांच टूट गए हैं। रेलवे अब इनकी सुधार में जुटा हुआ है।

160 KM की रफ्तार से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटनाएं देश के कई हिस्सों में हो रही हैं। गनीमत है कि इस पत्थर बाजी में अभी तक किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। नई ट्रेन में टूटी विंडो देखकर यात्री भी हैरान हो जाते हैं। बाद में यात्रा के दौरान उन्हें समझ आता है कि शरारती तत्व ट्रेनों पर पत्थर फेंकने से भी बाज नहीं आते। आरपीएफ और जीआरपी अब पत्थरबाजों की पहचान करने में जुटी हुई है।

अधिकारियों का कहना है कि रेलवे ट्रेक के किनारे रहने वाले लड़कों के द्वारा इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। बहरहाल लगातार एक्सप्रेस ट्रेन को बनाये जा रहे निशाने पर रेलवे गंभीर हैं। रेलवे के सामने इस तरह की घटनाओं को रोकना एक बड़ी चुनौती है। रेलवे विभाग जागरूकता अभियान के माध्यम से भी पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने में जुटी हुई है।

बता दें कि पीएम मोदी ने वंदे भारत ट्रेन को 1 अप्रैल को भोपाल के कमलापति स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना किया था। दिल्ली से भोपाल के कमलापति रेलवे स्टेशन के बीच चलने वाली इस वंदे भारत एक्सप्रेस को आगरा के आसपास भी निशाना बनाया जाता रहा है। ट्रेनों में खासकर वन्दे भारत एक्सप्रेस में होने वाली पत्थरबाजी की घटना को देखते हुए रेल मंत्रालय ने जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत खासतौर पर युवाओं और बच्चों को जागरूक किया जाएगा कि इस तरह की घटनाओं से राष्ट्र की संपत्ति और देश का नुकसान होता है।