मध्य प्रदेश में नए साल पर पड़ेगी कड़ाके की ठंड, शीतलहर का अलर्ट
मध्य प्रदेश में 1 जनवरी से ठंड का प्रकोप और बढ़ने वाला है। उज्जैन, ग्वालियर और चंबल में शीतलहर का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा।
मध्य प्रदेश में 1 जनवरी से ठंड का प्रकोप और बढ़ने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सकुर्लेशन के कारण बीते दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब प्रदेश में सर्दी तेजी से बढ़ेगी। उज्जैन, ग्वालियर और चंबल में शीतलहर का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में 20-22 दिन शीतलहर का असर रह सकता है। ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में 1 जनवरी से ठंड और तेज हो जाएगी। शनिवार-रविवार को दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उज्जैन सबसे ठंडा रहा, जहां दिन का तापमान 19.2 डिग्री और रात का 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी तापमान में गिरावट जारी है। भोपाल में दिन का तापमान 22.4 डिग्री और रात का 16.8 डिग्री रहा। इंदौर में 21.4 डिग्री, ग्वालियर में 20.6 डिग्री और जबलपुर में 23.4 डिग्री दर्ज किया गया।
दिसंबर में ठंड ने कई रिकॉर्ड तोड़े। भोपाल में 58 साल बाद सबसे कड़ाके की ठंड पड़ी, जबकि नवंबर में 36 साल का रिकॉर्ड टूटा। ठंड के कारण भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है। वन विहार नेशनल पार्क में जानवरों को हीटर लगाकर ठंड से बचाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: नए साल पर मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व में दिखा टूरिस्टों का क्रेज, बफर एरिया में अब भी खाली हैं सीटें
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। 1 और 2 जनवरी को नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, शाजापुर, श्योपुर और मुरैना में शीतलहर चलने की संभावना है।