MP: श्योपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 4 महिलाओं की मौत और 28 घायल

श्योपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 4 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, 28 लोग घायल हैं। सभी लोग एक ही परिवार के थे और शादी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

Updated: Apr 17, 2026, 02:34 PM IST

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव के पास तेज रफ्तार और असंतुलित ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, इस हादसे में करीब 28 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें से चार को ग्वालियर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार लोग बीरपुर थाना क्षेत्र के घूंघस गांव से विजयपुर के झारबड़ौदा गांव भात मांगने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थी और रिश्तेदार हंसी खुशी सफर पर निकले थे। लेकिन रास्ते में ही यह सफर हादसे में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजयपुर से करीब तीन किलोमीटर पहले खितरपाल गांव के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे बैठे थे। जिसके बाद ट्रॉली के पलटते ही वे सभी नीचे दब गए। 

यह भी पढ़ें:MP: शिवपुरी में भाजपा विधायक के बेटे की गुंडागर्दी, थार से 5 लोगों को कुचला
 
 जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। कई लोग ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे फंसे थे। जिन्हें बाहर निकालने के लिए लोगों ने क्रेन का इंतजार तक नहीं किया और हाथों से ही पलटी ट्रॉली को सीधा कर दिया। घायलों को आसपास के वाहनों और एंबुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में सरोज गुर्जर, सुनैना गुर्जर, सीमा गुर्जर और गीता राव की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। 

एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से चार को ग्वालियर रेफर किया गया है। जबकि, एक का इलाज विजयपुर सिविल अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, एसडीएम अभिषेक मिश्रा और टीआई राजन गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। 

यह भी पढ़ें:150 साल में पहली बार डेली कॉलेज में प्रदर्शन, FIR के खिलाफ ओल्ड डेलियंस का विरोध

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और असंतुलन को माना जा रहा है। इस घटना पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।