इंदौर नगर निगम के कर्मचारियों ने कचरा गाड़ी को बनाया डीजे, वायरल हुआ वीडियो

इंदौर में नगर निगम कर्मचारियों का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें चार-पांच कर्मचारी कचरा गाड़ी की छत पर चढ़कर फ़िल्मी गानों पर डांस कर रहे हैं, सिगरेट पी रहे हैं

Updated: Mar 15, 2021, 11:31 PM IST

Photo courtesy: bansal
Photo courtesy: bansal

भोपाल। मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम कर्मचारियों के उत्पात सामने आया है। निगम के कुछ कर्मचारियों पर  कचरा गाड़ी को डीजे बनाकर तमाशा करने के आरोप लग रहे हैं। उनकी हरकतों का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कर्मचारी बेहद तेज़ आवाज़ में गाने बजाकर कचरा गाड़ी के इर्दगिर्द सड़क पर डांस कर रहे हैं। इस दौरान वे कचरा गाड़ी की छत पर चढ़कर भी हंगामा करते नज़र आते हैं। 

तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में निगम कर्मचारियो को डोर-टू डोर कचरा गाड़ी पर चढ़कर ठुमके लगाते और सिगरेट का धुआं उड़ाते देखा जा सकता है। वायरल वीडियो में डोर टू डोर कचरा संग्रह गाड़ी पर जोन-6 और वार्ड क्रमांक 27 लिखा है। वीडियो में 4 से 5 युवक नज़र आ रहे हैं। युवक तेज आवाज़ में फिल्मी गानों की धुन पर नाचते और सिगरेट के धुएं उड़ाते हुए उत्पात मचा रहे हैं। वायरल वीडियो पर अभी तक इंदौर नगर निगम की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नही आई है।

इसके पहले भी इंदौर नगर निगम के कर्मचारी विवादों में घिर चुके हैं। जनवरी के आखिरी सप्ताह में इंदौर नगर निगम के कर्मचारियों के अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें गरीब-बेसहारा बुजुर्गों को जबरन कचरा गाड़ी में बिठाकर शहर से बाहर छोड़ दिया गया था। यह वीडियो वायरल होने के बाद कर्मचारियों के बर्ताव की कड़ी आलोचना हुई थी।