जबलपुर में एक साइकोलॉजी की छात्रा 13वीं मंजिल से कूदी, मौत

युवती जयपुर से 6 माह पहले ही साइकोलॉजी की पढ़ाई कर लौटी थीष उसने घर से 1.5 Km दूर जाकर सुसाइड किया है।

Updated: Aug 02, 2023, 04:12 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक साइकोलॉजी की छात्रा ने  13 वीं मंजिल से कूद कर खुदकुशी कर ली। युवती 6 महीने पहले ही जयपुर से साइकोलॉजी की पढ़ाई पूरी कर लौटी थी।

जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। युवती के नाम की पुष्टि हर्षिता वासवानी के रूप में हुई है। हर्षिता शहर के प्रचलित प्लाईवुड कारोबारी की बेटी थी। पूरा परिवार शहर के मदनमहल इलाके में रहता है। युवती ने घर से करीब 1.5 किलोमीटर जाकर बंदरिया तिराहा स्थित ओजस इंपीरिया से कूदकर जान दी है। घटना का  CCTV फुटेज सामने आया है। वह पहले शेड से टकराई और फिर नीचे गिरी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पूरा परिवार हतप्रभ है कि हर्षिता ने किस वजह से अपनी जान दी। 

इलाके के गोरखपुर थाना पुलिस के मुताबिक मंगलवार की शाम को हर्षिता के पिता सतीश वासवानी और भाई देवांश वासवानी अपनी शॉप पर थे। घर में हर्षिता और उनकी मां थीं। मां की तबीयत ठीक नहीं थी। वह सो रही थीं। इसी बीच हर्षिता घर से निकल गई। बिल्डिंग के गार्ड के मुताबिक, युवती सहेली से मिलने की बात कहकर ऊपर गई थी। स्थानीय लोगों की मानें तो एक दिन पहले यानी सोमवार को भी उसे ओजस अपार्टमेंट में देखा गया था।

हर्षिता के ओजस इंपीरिया अपार्टमेंट में एंटर होने और लिफ्ट में चढ़ने से पहले के CCTV फुटेज भी सामने आए हैं। वह मंगलवार शाम 4.45 बजे अपार्टमेंट में एंटर हुई। मेन गेट पर कुछ सेकंड रुकी। पीछे मुड़कर देखा और फिर आगे बढ़ गई। पुलिस ने युवती का सेलफोन जब्त कर लिया है। हांलाकि पुलिस को युवती के कमरे से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस की जांच जारी है।