कितने लोगों को रोजगार मिला, शिवराज कार्यकाल में हुए समिट का हिसाब दें PM मोदी: दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने इंदौर में पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर पीएम मोदी ट्रंप को अपना दोस्त बताते हैं और गलबहियां करते हैं। दूसरी ओर ट्रंप लगातार भारत को अपमानित कर रहे हैं।

Updated: Feb 24, 2025, 10:19 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें शिवराज कार्यकाल में हुए समिट का भी हिसाब देना चाहिए। सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगातार भारत को लेकर दिए जा रहे वक्तव्य पर कहा कि एक ओर मोदी अमेरिका जाकर ट्रंप के साथ गलबहियां करते हैं। दूसरी ओर ट्रंप लगातार भारत को अपमानित कर रहे हैं।

सोमवार को इंदौर में मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान सिंह ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर कहा कि कमलनाथ जी का कार्यकाल छोड़ दें तो बाकी समय जो भी ग्लोबल समिट हुईं हैं उसका हिसाब पीएम नरेंद्र मोदी को अपने भाषण में देना चाहिए था। आखिर इससे पहल हुए समिट में कितने का निवेश करार हुआ और कितने लोगों को नौकरी मिली यह सब उन्हें बताना चाहिए।

यह भी पढ़ें: MP: आवन में रेलवे फाटक के स्थान पर अंडर ब्रिज बनाने की मांग, दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री को लिखा पत्र 

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि एक ओर पीएम मोदी डोनाल्ड ट्रंप को अपना दोस्त बताते हैं और गलबहियां करते हैं। दूसरी ओर वह लगातार भारत को अपमानित कर रहे हैं। यदि भारत जैसा टैरिफ अमेरिका भी लगाने लगा तो हमारे दुग्ध उत्पादक किसानों और अमूल को बहुत नुकसान होगा। उन्हें कहा कि जब पीएम मोदी अमेरिकी दौरे पर थे तभी वहां से भारतीय नागरिकों को मिलिट्री एयरक्राफ्ट में बेड़ियां बांधकर भेजा गया। जबकि कई छोटे राष्ट्रों ने अपना प्लेन भेजकर अपने लोगों को बुलाया। इस पर पीएम मोदी को आपत्ति लेना चाहिए थी।

सिंह ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज को एयर इंडिया की विमान में टूटी सीट मिलने को लेकर कहा कि उसी प्लेन में मैं भी था लेकिन मेरी कुर्सी ठीक थी। सिंह ने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार केंद्रीय मंत्रियों को प्लेन में फर्स्ट रो में सीट मिलती है। इसमें एयर इंडिया की गलती है। उन्हें फर्स्ट रो में सीट दी जाना चाहिए थी। रही बात टूटी कुर्सी की तो कभी-कभी ऐसा हो जाता है। मैं तो कभी शिकायत भी नहीं करता। एक-डेढ़ घंटे की फ्लाइट के लिए क्या ही शिकायत करना।

प्रयागराज महाकुंभ में पानी की गुणवत्ता को लेकर सिंह ने कहा कि यह मामला अब NGT में चला गया है। लेकिन विविध लैब रिपोर्ट में पानी में फीकल कोलीफॉर्म बैक्टीरिया यानी मल मूत्र के अंश पाए गए हैं। मुद्दे की बात ये है कि जब साढ़े सात हजार करोड़ रुपए सफाई के लिए खर्च हुए तो यह ठीक क्यों नहीं हुआ?

EVM की विश्वसनीयता और चुनाव आयोग की निष्पक्षता से जुड़े सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि ईवीएम सही नहीं है यह बात तो एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप भी कह रहे हैं, लेकिन मोदी जी अपने दोस्त की ही बात नहीं मान रहे हैं। चुनाव आयोग निरंकुश हो चुका है। मैं सुप्रीम कोर्ट से अपील करता हूं लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए नियंत्रण जरूरी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में चुनाव के पहले चार साल में 38 लाख वोटर बढ़े और चुनाव से ठीक पहले 6 महीने में 42 लाख वोटर बढ़ गए। यह कैसे हो सकता है।